पंचकुला के सेक्टर 20 स्थित संस्कृति मॉडल स्कूल से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाली घटना सामने आई है. यहाँ तीसरी कक्षा के एक छात्र ने केजी में पढ़ने वाली मासूम बच्ची पर बेरहमी से हमला कर दिया. आरोपी छात्र ने बच्ची को ज़मीन पर पटका, उसका सिर टेबल से टकराया और इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा तो उसने ईंट से बच्ची के सिर पर 6 से 7 बार वार किए. इस भयानक हमले के कारण बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर वहीं बेसुध गिर पड़ी. यह घटना बुधवार की दोपहर की है जब स्कूल की छुट्टी होने के बाद ऑटो चालक बच्ची को लेने पहुंचा. बच्ची के न मिलने पर उसने परिजनों को सूचित किया. इसके बाद परिजनों ने स्कूल परिसर में पहुंचकर बच्ची की तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान आरोपी छात्र ही परिजनों को उस कमरे तक ले गया जहाँ बच्ची खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई थी. बच्ची की गंभीर स्थिति को देखकर परिजनों के होश उड़ गए. परिजन तुरंत मासूम बच्ची को स्थानीय अस्पताल ले गए, लेकिन हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया. फिलहाल बच्ची की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है. इस दिल दहला देने वाले वाकये के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इतने छोटे बच्चे के मन में इस तरह की भयंकर हिंसा की वजह क्या थी.