मॉनसून की पहली ही बारिश में गुरुग्राम बेहाल... कलेक्टर, कैबिनेट मंत्री के घर के बाहर धंसी गाड़ियां, NH-48 पर 10KM लंबा जाम

गुरुग्राम में मॉनसून की पहली मूसलाधार बारिश ने शहर की तैयारियों की पोल खोल दी. एनएच-48 पर सड़क धंसने, कई इलाकों में जलभराव और 8 से 10 किलोमीटर लंबे ट्रैफिक जाम से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रशासन ने हालात को देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.

Advertisement
भारी बारिश के कारण सड़क धंसने से दिल्ली-जयपुर NH-48 पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. (Photo: Video Grab) भारी बारिश के कारण सड़क धंसने से दिल्ली-जयपुर NH-48 पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. (Photo: Video Grab)

नीरज वशिष्ठ

  • गुरुग्राम,
  • 07 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:24 PM IST

गुरुग्राम में मंगलवार दोपहर हुई मॉनसून की पहली मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी. तेज बारिश के चलते एनएच-48 समेत कई प्रमुख सड़कों और हाईवे पर भारी जलभराव हो गया, जिससे कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. सबसे ज्यादा असर एनएच-48 पर देखने को मिला, जहां सर्विस लेन में पानी भर जाने के बाद वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई. 

Advertisement

दिल्ली से जयपुर जाने वाले मार्ग पर सनबीम कंपनी के पास अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया. भारी बारिश के कारण हुई इस घटना से हाईवे पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया. सड़क धंसने की वजह से IFFCO चौक से नरसिंहपुर तक 8 से 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल रूट डायवर्जन एडवाइजरी जारी की. पुलिस ने दिल्ली से जयपुर जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है. एडवाइजरी के मुताबिक, वाहन चालक राजीव चौक से बाएं मुड़कर सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) का इस्तेमाल कर सकते हैं. वहीं, हीरो होंडा चौक से बाएं मुड़कर भी सदर्न पेरिफेरल रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं. इसके अलावा, दिल्ली से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालकों को द्वारका एक्सप्रेसवे का उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि एनएच-48 पर लगे भारी जाम से बचा जा सके.

Advertisement

वहीं, गुरुग्राम के डीसी और हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के आवास के बाहर सड़क के गड्ढों में जलभराव के कारण कई गाड़ियां धंस गईं.. मॉनसून की पहली तेज बारिश के बाद शहर में जलभराव और ट्रैफिक जाम ने गुरुग्राम जिला प्रशासन के तैयारियों के दावों की भी पोल खोल दी.

द्वारका एक्सप्रेसवे इंटरचेंज पर भी ट्रैफिक

बारिश के कारण सरहौल से दिल्ली की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. द्वारका एक्सप्रेसवे के क्लोवरलीफ इंटरचेंज पर भी भारी ट्रैफिक दबाव के चलते यातायात प्रभावित रहा. इसके अलावा एनएच-48 पर हीरो होंडा चौक, मानेसर-दिल्ली मार्ग, इफको चौक और सिकंदरपुर के पास भी लंबा जाम लगा रहा. गोल्फ कोर्स रोड से सेक्टर-54 तक, पटौदी रोड, पुरानी गुरुग्राम-दिल्ली रोड, ओल्ड रेलवे स्टेशन रोड और न्यू रेलवे स्टेशन रोड पर भी यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा.

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि बारिश से प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि यातायात को सामान्य रखा जा सके. हमारी प्राथमिकता ट्रैफिक का सुचारु संचालन बनाए रखना है. साथ ही आगामी मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर पंप और सक्शन टैंकर की व्यवस्था भी की जा रही है.

Advertisement

शहर के कई रिहायशी इलाकों में भरा पानी

बारिश के बाद ओल्ड गुरुग्राम के कई सेक्टरों, जीसीईआर (GCER), एसपीआर (SPR), सेक्टर-69, खांडसा रोड, राजेंद्र पार्क, बस स्टैंड क्षेत्र, बजघेरा, धनवापुर, सूरत नगर और कार्टरपुरी समेत शहर के कई रिहायशी इलाकों में जलभराव हो गया. इससे पूरे शहर में यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई.

गुरुग्राम में बारिश के बादजूद हवा रही खराब

मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को गुरुग्राम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. हरियाणा के कई अन्य जिलों के लिए भी ऑरेंज और येलो अलर्ट था. सुबह करीब 7 बजे से शुरू हुई बारिश ने उमस से राहत दिलाई. हालांकि, बारिश दोपहर  तक रुक-रुक कर होती रही, लेकिन करीब 1 बजे के बाद मूसलाधार रूप ले लिया. गुरुग्राम का मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

भारी बारिश के बावजूद शहर की वायु गुणवत्ता में खास सुधार नहीं हुआ. मंगलवार को गुरुग्राम का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 207 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में रहा. चार एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों में ग्वाल पहाड़ी का AQI 88 रहा, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि सेक्टर-51 में AQI 242, विकास सदन में 283 और टेरी ग्राम में 213 दर्ज किया गया, जो सभी 'खराब' श्रेणी में रहे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »