अंबाला: जिंदगी की जंग हार गया बोरवेल में गिरा मासूम, 21 घंटे बाद हुआ रेस्क्यू लेकिन नहीं बची जान

हरियाणा के अंबाला जिले के धनेओरा गांव में 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिरे 4 वर्षीय निर्वैर सिंह को 21 घंटे लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया. बच्चा खेत में खेलते समय बोरवेल के पास की गीली मिट्टी धंसने से उसमें गिर गया था. NDRF, SDRF और सेना ने संयुक्त अभियान चलाया.

Advertisement
बोरवेल में गिरे मासूम की मौत. (Photo: Screengrabs) बोरवेल में गिरे मासूम की मौत. (Photo: Screengrabs)

aajtak.in

  • अंबाला,
  • 01 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 7:00 AM IST

हरियाणा के अंबाला ज़िले में 220 फ़ीट गहरे खुले बोरवेल में गिरे 4 साल के बच्चे को बुधवार सुबह 21 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया. एक एजेंसी के मुताबिक मंगलवार सुबह शुरू हुए ऑपरेशन के बाद निर्वैर सिंह को सुबह करीब 3:40 बजे बोरवेल से बाहर निकाला गया. जिसके बाद उसे तुरंत एम्बुलेंस से अंबाला छावनी के सिविल अस्पताल ले जाया गया.

Advertisement

अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि जब बच्चे को इमरजेंसी वार्ड में लाया गया, तो वह मृत अवस्था में था. यह घटना मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे अंबाला ज़िले के धनेओरा गाँव में हुई. निर्वैर अपने पिता मंजीत के साथ खेत में अपने दादा करनैल सिंह को खाना देने गया था. परिवार के अनुसार करनैल सुबह-सुबह खेत में काम करने चले गए थे, जबकि मंजीत बाद में खाना लेकर पहुंचे.

खेलते-खेलते अचानक बोरवेल में गिर गया निर्वैर सिंह
निर्वैर ने अपने पिता के साथ जाने की ज़िद की और पिता उसे साथ ले जाने के लिए मान गए. खेत में पहुंचने के बाद मंजीत काम करने लगे जबकि करनैल सिंह खाना खाने लगे. अपने दादा के पास बैठा निर्वैर थोड़ी देर बाद खेलने के लिए दूर चला गया. जहां उसने एक खुला बोरवेल देखा और उसमें मिट्टी फेंकने लगा. माना जा रहा है कि जब वह अंदर देखने के लिए झुका, तो बोरवेल के आस-पास की गीली मिट्टी धंस गई. जिससे वह फिसलकर गिर गया.

Advertisement

मंजीत ने बताया कि उन्होंने ज़ोर की आवाज़ सुनी और तुरंत बोरवेल की ओर दौड़े. साथ ही बच्चे को आवाज़ भी दी. परिवार और आस-पास के ग्रामीणों ने शुरू में उसे खुद बचाने की कोशिश की, लेकिन जब उनकी कोशिशें नाकाम रहीं तो सुबह करीब 7:30 बजे अधिकारियों को सूचना दी. डिप्टी कमिश्नर अजय सिंह तोमर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी जल्द ही मौके पर पहुंचे. जिसके बाद NDRF, SDRF और सेना की रेस्क्यू टीमों ने बड़े पैमाने पर ऑपरेशन शुरू किया.

तोमर ने बताया कि बोरवेल का चौड़ाई लगभग 9 इंच थी और यह करीब 220 फ़ीट गहरा था. उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को तैनात किया. हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने भी मंगलवार शाम को घटनास्थल का दौरा किया और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायज़ा लेने के साथ-साथ बच्चे के परिवार से मुलाक़ात की.

कमिश्नर ने लोगों से की ये अपील
डिप्टी कमिश्नर ने मंगलवार को कहा था कि पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि वे बोरवेल को खुला छोड़ने के लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ नियमों के अनुसार कार्रवाई करें. किसानों से अपील करते हुए तोमर ने उनसे कहा कि वे बोरवेल को खुला न छोड़ें. उन्होंने कहा कि अगर बोरवेल को ठीक से सील किया गया होता तो इस हादसे को रोका जा सकता था.

Advertisement

पिछले महीने ही पंजाब के होशियारपुर ज़िले में चार साल का एक बच्चा अपने घर के पास खोदे गए एक नए बोरवेल में गिर गया था, जिसे बाद में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था. वह लगभग 20 से 30 फ़ीट की गहराई में फंसा हुआ था और कई एजेंसियों व स्थानीय स्वयंसेवकों के लगभग 9 घंटे चले बचाव अभियान के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »