फरीदाबाद में अरावली क्षेत्र में स्टंटबाजी और कथित ‘ऑफ-रोडिंग’ एक किशोर के लिए जानलेवा साबित हुई. मंगलवार दोपहर सिरोही गांव के पास एक महिंद्रा थार करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिससे 15 वर्षीय सोहन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि मामला जांच के अधीन है और अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मृतक की पहचान बिहार के सिवान निवासी सोहन के रूप में हुई है, जो नौवीं कक्षा का छात्र था. घायल युवकों की पहचान विकास (20) और हेमंत (16) के रूप में हुई है. दोनों भी सिवान के रहने वाले हैं. इनके परिवार फिलहाल बल्लभगढ़ के करनेरा गांव की बालाजी कॉलोनी में रहते हैं. घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है.
पुलिस के अनुसार, विकास के परिवार ने करीब एक महीने पहले थार खरीदी थी. मंगलवार दोपहर विकास अपने पड़ोस में रहने वाले सोहन और हेमंत को गाड़ी में घुमाने ले गया. आरोप है कि तीनों मुख्य सड़क छोड़कर करीब एक किलोमीटर अंदर पहाड़ी कच्चे रास्ते पर चले गए और खाई के पास स्टंट करने लगे. इस दौरान वे फोटो और वीडियो भी बना रहे थे.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि स्टंट के दौरान विकास ने गलती से गाड़ी को आगे बढ़ाने के बजाय रिवर्स गियर में डाल दिया. इससे वाहन अनियंत्रित होकर पीछे की ओर फिसला और सीधे खाई में जा गिरा. हादसा इतना अचानक हुआ कि युवकों को संभलने का मौका नहीं मिला.
प्रत्यक्षदर्शियों ने वाहन को खाई में गिरते देखा और तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सोहन को मृत घोषित कर दिया. विकास और हेमंत का उपचार जारी है.
सूचना मिलते ही धौज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त थार को क्रेन की मदद से खाई से बाहर निकाला. पुलिस ने सोहन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं. वाहन की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके.
aajtak.in