हरियाणा के फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में रिश्तों को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी हमले में बदल गया. आरोप है कि अपनी बहन को कथित प्रेम संबंधों से दूर रहने और परिवार की बात मानने की सलाह देना एक युवक को भारी पड़ गया. नाराज कथित प्रेमी ने बीच सड़क चाकू निकाल लिया और प्रेमिका के भाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. खून से लथपथ युवक को देखकर स्थानीय लोग तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े और बिना देर किए उसे एस्कॉर्ट्स अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: होटल के कमरे में बैठ नकली नोट छाप रहा था IT इंजीनियर, फरीदाबाद से गिरफ्तार
सूचना मिलते ही संजय कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी.
बहन को समझाने पर भड़का आरोपी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संजय कॉलोनी निवासी युवक ने अपनी बहन को कथित तौर पर एक युवक से दूरी बनाने और परिवार की सलाह मानने के लिए समझाया था. इसी बात को लेकर बहन के कथित प्रेमी और युवक के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
आरोप है कि विवाद कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में चाकू निकाल लिया और युवक पर लगातार कई वार कर दिए. अचानक हुए इस हमले से मौके पर मौजूद लोग भी दहशत में आ गए.
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल युवक दर्द से तड़पता रहा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने की कोशिश की.
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके.
पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
सचिन गौड़