एक रोया तो एक-एक कर रोने और झूमने लगे 11 बच्चे, मचा हड़कंप

गुजरात के नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा स्थित महात्मा गांधी आश्रम स्कूल में 11 बच्चे अचानक रोने और झूमने लगे. बच्चों को इस हालत में देखकर भूत-प्रेत के साये की चर्चा होने लगी. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच में फूड पॉइजनिंग या किसी गंभीर बीमारी के लक्षण नहीं पाए.

Advertisement
बच्चों के अचानक रोने से स्कूल में मच गया था हड़कंप. (Photo: Screengrabs) बच्चों के अचानक रोने से स्कूल में मच गया था हड़कंप. (Photo: Screengrabs)

नरेंद्र पेपरवाला

  • नर्मदा,
  • 19 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:00 PM IST

गुजरात के नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा तालुका के मोस्कुट गांव स्थित महात्मा गांधी आश्रम स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में स्कूल के कुछ बच्चे अचानक रोते और झूमते नजर आ रहे हैं. एक के बाद एक करीब 11 बच्चों के इस तरह व्यवहार करने से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद बच्चों पर भूत-प्रेत का साया होने की चर्चा भी शुरू हो गई. हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने ऐसी किसी आशंका को खारिज किया है.

Advertisement

बताया गया कि स्कूल टाइम के बाद एक बच्चा अचानक रोने लगा. इसके बाद दूसरे और तीसरे बच्चे भी रोने लगे. कुछ ही देर में करीब 11 बच्चे रोने और झूमने लगे और शिक्षकों से लिपट गए. बच्चों की हालत देखकर स्कूल प्रशासन ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी. सभी बच्चों को पहले डेडियापाड़ा सरकारी अस्पताल ले जाया गया. बाद में उन्हें राजपीपला सिविल अस्पताल भी ले जाया गया.

बच्चों को होने लगी थी उल्टियां भी
बच्चों को उल्टी होने की जानकारी सामने आने पर शुरुआत में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चों में डायरिया, उल्टी या पेट दर्द जैसे लक्षण नहीं पाए. एहतियात के तौर पर बच्चों की शारीरिक और मानसिक जांच भी की गई.

नर्मदा के जिला हेल्थ ऑफिसर जनक मधोक ने बताया कि सभी बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं. उन्होंने कहा कि बच्चों में किसी तरह की मानसिक बीमारी नहीं मिली है. उनके मुताबिक, बच्चे अक्सर अपने आसपास की घटनाओं को देखकर एक-दूसरे की नकल करते हैं और समूह में इस तरह का व्यवहार सामने आ सकता है. उन्होंने साफ कहा कि बच्चों पर किसी तरह का भूत-प्रेत का साया नहीं है और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »