गुजरात के कच्छ जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 14 वर्षीय नाबालिग ने अपने ही माता-पिता के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. नाबालिग ने अपने पिता पर दुष्कर्म और मां पर इस पूरे मामले में साथ देने के आरोप लगाए हैं. शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों माता-पिता को हिरासत में ले लिया है और पॉक्सो एक्ट सहित अन्य कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामला सामने आने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई, क्योंकि शिकायत किसी बाहरी शख्स के खिलाफ नहीं बल्कि नाबालिग ने अपने ही माता-पिता के खिलाफ की है. पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने 112 पर कॉल करके अपने माता-पिता के खिलाफ शिकायत दी थी. इसके बाद 181 अभयम पर भी शिकायत दर्ज कराई गई.
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, नाबालिग चार बहनों में से एक है. उसने बताया कि उसका परिवार पिछले करीब छह वर्षों से गुजरात में रह रहा है. नाबालिग के मुताबिक, 14 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे वह अपने घर पर मौजूद थी. उस समय वह आगरा के रहने वाले शिसपाल उर्फ गोलू नाम के युवक से फोन पर बात कर रही थी. इसी दौरान उसकी मां ने उसे फोन पर बात करते हुए देख लिया. मां ने उससे पूछा कि वह किससे बात कर रही है. नाबालिग ने बताया कि वह अपने दोस्त से बात कर रही थी. करीब आधे घंटे बाद उसके पिता काम से घर लौटे.
शिकायत के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे जब उसके पिता खाना खा रहे थे, तब मां ने उन्हें बताया कि बेटी फोन पर एक लड़के से बात कर रही थी. इसके बाद पिता को गुस्सा आ गया. नाबालिग का आरोप है कि पिता ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर में बंद कर दिया. शिकायत में कहा गया है कि उसे खाना और पानी भी नहीं दिया गया. शाम को खाना नहीं दिया गया और आधी रात तक उसके साथ मारपीट की गई.
घर में बंद रखने का लगाया आरोप
नाबालिग ने पुलिस को बताया कि इसके बाद उसे घर से बाहर जाने नहीं दिया गया. शिकायत के मुताबिक, 15 सितंबर की रात करीब एक बजे उसके माता-पिता ने उसे घर के हॉल में बुलाया. नाबालिग ने अपने पिता पर उसके साथ जबरदस्ती और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. शिकायत के मुताबिक, उसकी मां भी उस समय वहां मौजूद थी. घटना के बाद नाबालिग को फिर घर में ही बंद रखा गया. पीड़िता ने अपनी शिकायत में 16 सितंबर की रात की भी एक घटना का जिक्र किया है. उसके मुताबिक, रात करीब दो बजे उसके माता-पिता ने उसे फिर हॉल में बुलाया और उसके साथ जबरदस्ती की गई. इसके बाद भी उसे घर में ही रखा गया. नाबालिग ने आरोप लगाया कि उसे कई दिनों तक घर से बाहर नहीं जाने दिया गया.
शिकायत में नाबालिग ने बताया कि 20 सितंबर को भी उसके पिता ने उसके साथ मारपीट की. इसके बाद 29 सितंबर की रात करीब दो बजे फिर उसे घर के हॉल में बुलाए जाने का आरोप है. नाबालिग के मुताबिक, इस दौरान उसके पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया. शिकायत में मां के सामने यह घटना होने की बात भी कही गई है. इसके बाद नाबालिग ने किसी तरह मदद लेने की कोशिश की.
नाबालिग के मुताबिक, 29 सितंबर की सुबह करीब सात बजे वह अपनी सोसायटी में रहने वाली फूफी यशोदाबेन के घर पहुंची. उसने फूफी को अपने साथ हुई पूरी बात बताई. इसके बाद उसने फूफी के फोन से 112 पर कॉल करके पुलिस को जानकारी दी. शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान उसके माता-पिता ने उसका फोन ले लिया और उसे वहां से जाने के लिए कहा. इसके बाद नाबालिग को फिर कमरे में बंद कर दिया गया. पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन नाबालिग के घर में बंद होने के कारण उस समय वापस चली गई.
नाबालिग ने अपनी शिकायत में 1 अक्टूबर की रात की घटना का भी जिक्र किया है. उसके मुताबिक, रात करीब नौ बजे उसके माता-पिता उसे बेडरूम में ले गए. पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने फिर उसके साथ जबरदस्ती की और दुष्कर्म किया. शिकायत में कहा गया है कि इस दौरान उसकी मां भी मौजूद थी. नाबालिग ने अपनी मां पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींचने का भी आरोप लगाया है. इसके बाद सुबह करीब आठ बजे उसके पिता काम पर चले गए.
पिता के घर से निकलने के बाद नाबालिग सुबह करीब दस बजे फिर अपनी फूफी यशोदाबेन के घर पहुंची. उसने फूफी को पूरी घटना के बारे में बताया. इसके बाद उसने 112 पर कॉल करके पुलिस को शिकायत दी. नाबालिग की ओर से 112 पर शिकायत करने के साथ ही 181 अभयम पर भी कॉल किया गया. शिकायत में उसके घर का पता दिया गया. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने नाबालिग के माता-पिता को हिरासत में ले लिया. दोनों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब नाबालिग की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने अपनी शिकायत में कई तारीखों और घटनाओं का जिक्र किया है. उसने अपने पिता पर बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप लगाए हैं. साथ ही मां पर भी इस मामले में साथ देने और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींचने का आरोप लगाया है. शिकायत के मुताबिक, पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब नाबालिग अपने दोस्त से फोन पर बात कर रही थी और उसकी मां ने उसे देख लिया था. इसके बाद पिता को इसकी जानकारी दी गई और कथित तौर पर नाबालिग के साथ मारपीट की गई.
नाबालिग ने यह भी आरोप लगाया कि उसे कई दिनों तक घर में बंद रखा गया और उसे बाहर जाने नहीं दिया गया. उसने दो बार फूफी के घर पहुंचकर मदद लेने की कोशिश की और 112 पर पुलिस को सूचना दी. पहली बार 29 सितंबर को पुलिस को सूचना देने के बाद भी नाबालिग के मुताबिक उसे वापस घर ले जाकर बंद कर दिया गया. इसके बाद 1 अक्टूबर को उसने दोबारा फूफी के घर पहुंचकर पूरी जानकारी दी और पुलिस से मदद मांगी. पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नाबालिग के माता-पिता को हिरासत में लिया है. दोनों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य कानूनी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. नाबालिग की शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ब्रिजेश दोशी