गुजरात में मानसून अब लोगों के लिए आफत भी बन रहा है. भारी बारिश के बीच खेड़ा जिले के मातर क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां छह लोगों को लेकर जा रही कार पानी से लबालब भरे नाले में जा गिरी. इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई. वहीं दो लोगों को टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया. कार में सवार लोग अहमदाबाद के रहने वाले थे. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ये हादसा खेड़ा-मातर हाइवे पर मोतीपुरा गांव के पास हुआ. यहां छह लोगों को लेकर जा रही एक कार पानी से भरे नाले में जा गिरी. देखते ही देखते कार तेज बहाव में बहने लगी. कार में सवार सभी छह लोग अहमदाबाद के रहने वाले थे. बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव काफी तेज था. इसी दौरान कार उसमें गिरकर पलट गई.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी. सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया.
काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने कार तक पहुंचकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला. हालांकि, तब तक चार लोगों की डूबने से मौत हो चुकी थी. वहीं, दो लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही खेड़ा के एसपी विजय पटेल, डीएसपी कुणाल राठौड़, एसडीएम सूरज बारोट और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
वहीं पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खेड़ा सिविल अस्पताल भेज दिया. प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश और नाले में तेज बहाव इस हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है. मानसून के दौरान गुजरात के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश हो रही है. ऐसे में प्रशासन लगातार लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील कर रहा है.
हेताली शाह