Gujarat News: जूनागढ़ के एशियाई बब्बर शेर का एक और वीडियो वायरल हो रहा है. गिर जंगल के पास स्थित रतांग गांव में शेर को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. शिकार कर रहे बब्बर शेर को लोगों के शोर-शराबे से गुस्सा आ गया और वह एक बच्चे के पीछे दौड़ पड़ा. हालांकि बच्चा गली में अपने घर की ओर भाग गया, जिससे शेर दूसरी दिशा में आगे बढ़ गया और कोई जनहानि नहीं हुई.
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शेर अपना शिकार छोड़कर बच्चे के पीछे दौड़ता नजर आ रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
विशावदर रेंज के वन अधिकारी के अनुसार, दिनभर की तेज गर्मी के कारण गिर जंगल के आसपास के खुले इलाकों में शेर अक्सर निकल आते हैं. कई बार ये नजदीकी गांवों में पालतू जानवरों का शिकार भी करते हैं, लेकिन सामान्यतः इंसानों पर हमला नहीं करते.
अधिकारी ने बताया कि रतांग गांव में भी शेर ने मवेशी का शिकार किया था. शाम का समय होने के कारण लोग उसे देखने के लिए इकट्ठा हो गए.
शिकार करते समय शेर को भीड़ और शोर बिल्कुल पसंद नहीं होता और इसी वजह से वह उत्तेजित होकर बच्चे की ओर दौड़ा. हालांकि किसी को नुकसान पहुंचाए बिना शेर वापस जंगल की ओर लौट गया. देखें VIDEO:-
फिलहाल वन विभाग की टीम पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है, ताकि भविष्य में मानव और शेर के बीच किसी भी तरह का टकराव न हो.
विशेषज्ञों का मानना है कि शेरों को उकसाना या उनके करीब जाकर भीड़ लगाना बेहद खतरनाक हो सकता है. ऐसे में वन विभाग को भी चाहिए कि इस तरह की लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे.
बता दें कि जूनागढ़ जिले में गिर वन क्षेत्र के आसपास के गांवों में अक्सर बब्बर शेर देखे जाते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आती रहती हैं.
भार्गवी जोशी