गुजरात के जामनगर जिले में एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) पुलिस ने एक ऐसे कथित फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है, जो बिना किसी मान्य मेडिकल डिग्री के लंबे समय से क्लिनिक संचालित कर लोगों का इलाज कर रहा था. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और अब यह जांच की जा रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों का उपचार किया और उसकी गतिविधियों का दायरा कितना बड़ा था.
जानकारी के मुताबिक, जामनगर पंथक के मोटी खावड़ी गांव में एक दवाखाना संचालित किया जा रहा था. यहां संजीव रामलाल शर्मा नामक व्यक्ति मरीजों को देखता था और उन्हें दवाइयां भी देता था. एसओजी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्लिनिक संचालक के पास चिकित्सकीय प्रैक्टिस करने की कोई वैध योग्यता नहीं है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्लिनिक पर छापा मारा.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने क्लिनिक में मौजूद दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की. पूछताछ में आरोपी किसी भी मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री या पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.
कार्रवाई के दौरान क्लिनिक से विभिन्न कंपनियों की दवाइयां, स्टेथोस्कोप, चिकित्सा उपकरण और उपचार में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की गई. पुलिस ने इन सभी सामानों को जब्त कर लिया है और जांच के लिए सुरक्षित रखा है.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संजीव शर्मा मूल रूप से हरियाणा का निवासी है. हालांकि वह कब से जामनगर क्षेत्र में रह रहा था और कितने समय से क्लिनिक चला रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या आरोपी अकेले यह काम कर रहा था या उसके साथ अन्य लोग भी जुड़े हुए थे.
फिलहाल आरोपी के खिलाफ मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. एसओजी और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है. आने वाले दिनों में जांच के आधार पर और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
Input: दर्शन ठक्कर
aajtak.in