वडोदरा के होटल से जुड़ा जैश नेटवर्क! ATS जांच में सीक्रेट मीटिंग का खुलासा, रेलवे स्टेशन के पास हुई थी मुलाकात

गुजरात ATS की जांच में वडोदरा के एम्बेसेडर होटल को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. जांच एजेंसी के मुताबिक, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो संदिग्ध आतंकी होटल के सर्वेंट क्वार्टर में कुछ समय के लिए रुके थे और बाद में रेलवे स्टेशन के पास कश्मीर से आए मुख्य संदिग्ध से गुप्त बैठक की थी. मामले में डिजिटल सबूत खंगाले जा रहे हैं.

Advertisement
डिजिटल एविडेंस खंगाल रही ATS.(Photo: Tushar Patel/ITG) डिजिटल एविडेंस खंगाल रही ATS.(Photo: Tushar Patel/ITG)

aajtak.in

  • वडोदरा,
  • 22 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:54 PM IST

रथयात्रा से पहले गुजरात ATS की कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क को लेकर लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. बनासकांठा, नवसारी, पाटन समेत कई जिलों से 13 संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद अब जांच की कड़ी वडोदरा के सयाजीगंज इलाके तक पहुंच गई है. ATS की जांच में सामने आया है कि दो संदिग्ध आतंकी कुछ समय के लिए शहर के एम्बेसेडर होटल के सर्वेंट क्वार्टर में रुके थे.

Advertisement

जांच के दौरान ATS आरोपी अहमद गजीवाला को लेकर एम्बेसेडर होटल पहुंची और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की. एजेंसी ने होटल के मालिक, मैनेजर और स्टाफ से पूछताछ की. शुरुआती जांच में पता चला कि पालनपुर के भागल गांव से जुड़े कुछ लोगों के जरिए होटल तक इन संदिग्धों की पहुंच बनी थी.

यह भी पढ़ें: न कार पर नंबर प्लेट, न ड्राइविंग लाइसेंस... वडोदरा हिट एंड रन केस का आरोपी गिरफ्तार

ATS के अनुसार, संदिग्ध आतंकी अहमद गजीवाला और इब्राहिम घाघा होटल के सर्वेंट क्वार्टर में कुछ समय तक ठहरे थे. जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि उनका होटल स्टाफ से संपर्क किस स्तर तक था और इस दौरान उन्होंने किन-किन लोगों से मुलाकात की.

रेलवे स्टेशन के पास हुई थी गुप्त बैठक

ATS की पूछताछ में सामने आया कि होटल से निकलने के बाद दोनों संदिग्ध रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे थे. वहां उनकी मुलाकात कश्मीर से आए मुख्य संदिग्ध आतंकी से हुई. एजेंसी के मुताबिक, इस मुलाकात के दौरान संगठन में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और नेटवर्क मजबूत करने को लेकर चर्चा की गई.

Advertisement

गुप्त बैठक के बाद दोनों संदिग्ध फिर एम्बेसेडर होटल के सर्वेंट क्वार्टर लौट आए. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस बैठक में और कौन-कौन शामिल था तथा इसके पीछे क्या योजना थी.

ATS ने आरोपी अहमद गजीवाला को रेलवे स्टेशन क्षेत्र और एमएस यूनिवर्सिटी की ओर जाने वाले मार्ग पर भी ले जाकर घटनास्थलों का सत्यापन किया. इस दौरान जांच टीम ने कई अहम साक्ष्य जुटाए और डिजिटल ट्रेल की पुष्टि करने की कोशिश की.

डिजिटल एविडेंस खंगाल रही ATS

फिलहाल ATS और स्थानीय पुलिस की टीमें मोबाइल फोन, लोकेशन हिस्ट्री और अन्य डिजिटल एविडेंस की जांच में जुटी हैं. अधिकारियों का मानना है कि डिजिटल डेटा से इस पूरे नेटवर्क और उसके संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है.

जांच के बीच एम्बेसेडर होटल के मैनेजर सफवान शाहजी का बयान भी सामने आया है. उन्होंने बताया कि ATS एक आरोपी को लेकर होटल आई थी. आरोपी ने दावा किया कि वह यहां केवल अपने गांव के एक परिचित कर्मचारी से मिलने और फ्रेश होने के लिए कुछ समय के लिए आया था.

मैनेजर के मुताबिक, ATS ने होटल के पूरे स्टाफ से पूछताछ की. आरोपी से भी पूछा गया कि क्या वह किसी कर्मचारी को पहचानता है, लेकिन उसने सभी को पहचानने से इनकार कर दिया. होटल प्रबंधन ने भी उससे आमने-सामने पूछताछ की, जिस पर उसने कहा कि वह यहां मौजूद किसी व्यक्ति को नहीं पहचानता.

Advertisement

होटल मैनेजर का दावा- कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला

सफवान शाहजी ने बताया कि ATS ने होटल परिसर की पूरी तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई. उन्होंने कहा कि जांच टीम लोकेशन ट्रेस करते हुए होटल तक पहुंची थी, क्योंकि आरोपी का मोबाइल लोकेशन यहां दिखा रहा था.

मैनेजर का कहना है कि होटल में काम करने वाला एक पूर्व कर्मचारी आरोपी के गांव का रहने वाला था. उसी परिचय के आधार पर आरोपी कुछ समय के लिए सर्वेंट क्वार्टर में आया था. उनके मुताबिक, वह करीब आधे घंटे से पौन घंटे तक वहां रुका और फिर वहां से चला गया.

उन्होंने यह भी कहा कि होटल में सभी कर्मचारियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और रिकॉर्ड रखा जाता है. किसी बाहरी व्यक्ति को होटल के कमरों में नहीं ठहराया गया था. होटल प्रबंधन का दावा है कि ATS भी जांच के बाद इस बात से संतुष्ट हुई कि परिसर से कोई आपत्तिजनक सामान या अन्य सबूत नहीं मिला. वहीं, ATS पूरे मामले की जांच जारी रखे हुए है और डिजिटल एविडेंस के आधार पर नेटवर्क की पूरी तस्वीर सामने लाने की कोशिश कर रही है.

---- समाप्त ----
रिपोर्ट- तुषार पटेल

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »