अहमदाबाद स्थित LD इंजीनियरिंग कॉलेज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इसमें एक प्रोफेसर किसी बात को लेकर आक्रोशित हो जाते हैं और एक छात्र को दो तमाचे मार देते हैं. यह वीडियो 2 जून का है. इस मामले में छात्र द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद प्रोफेसर के खिलाफ अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया गया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि 2 जून को एलडी इंजीनियरिंग कॉलेज में जब थियरी की परीक्षा ली जा रही थी, उस दौरान सुपरवाइजर के तौर पर परीक्षा हॉल में मौजूद प्रोफेसर डीएस पटेल और छात्र के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो जाती है.
इस दौरान हॉल में कई अन्य छात्र भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं. देखते ही देखते प्रोफेसर डीएस पटेल छात्र पर इतने उग्र हो जाते हैं कि उसे लगातार दो तमाचे जड़ देते हैं.
पीड़ित छात्र ने कॉलेज प्रशासन से तमाचा मारने वाले प्रोफेसर डीएस पटेल के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. हालांकि, इतने दिन बीत जाने के बाद भी प्रोफेसर पर कोई कार्रवाई न होने से छात्रों में भारी नाराजगी व्याप्त है.
अब छात्र शिक्षा विभाग से थियरी परीक्षा के दौरान मारपीट करने वाले प्रोफेसर पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं. देखें VIDEO:-
मामले पर अहमदाबाद के एलडी इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल एन. भूपतानी ने कहा कि किसी भी छात्र के साथ मारपीट करना प्रोफेसर के लिए कतई उचित नहीं है. प्रोफेसर द्वारा छात्र को तमाचा मारे जाने की शिकायत मिलने के बाद हमने छात्र और प्रोफेसर दोनों को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए थे और रिपोर्ट टेक्निकल कमिश्नर के कार्यालय भेज दी थी.
प्रोफेसर के मुताबिक, परीक्षा समाप्त होने के बाद भी छात्र उत्तर पुस्तिका (आंसर शीट) जमा करने में सामान्य से अधिक समय ले रहा था, इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी. चूंकि इस मामले में प्रोफेसर शामिल हैं, इसलिए कॉलेज स्तर से सीधे कोई एक्शन नहीं लिया जा सकता; यही वजह है कि पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है.
अब देखना यह होगा कि सीसीटीवी फुटेज वायरल होने और कॉलेज द्वारा टेक्निकल कमिश्नर कार्यालय को रिपोर्ट भेजे जाने के बाद प्रोफेसर डीएस पटेल के खिलाफ कब और क्या कार्रवाई की जाती है, या फिर इस मामले को ऐसे ही ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश जारी रहती है.
अतुल तिवारी