दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने अपनी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं. आम जनता को किसी तरह की असुविधा न हो और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं. जॉइंट सीपी ट्रैफिक ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, ताकि लोगों को पहले से ही रास्तों की जानकारी मिल सके. नई दिल्ली इलाके के लगभग 30 प्रमुख स्थानों और स्टेशनों पर भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा. यदि किसी भी रास्ते पर यातायात प्रभावित होता है या जाम की स्थिति बनती है, तो तुरंत वाहनों को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट कर दिया जाएगा. बॉर्डर्स बंद होने या सील होने की अफवाहों पर ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि दिल्ली का कोई भी बॉर्डर सील नहीं किया गया है. सभी सीमाओं पर यातायात सामान्य रूप से जारी रहेगा. हालाँकि, सुरक्षा के दृष्टिकोण से बॉर्डर्स पर पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की गई है. अगर प्रदर्शनकारी दिल्ली में प्रवेश करने की कोशिश करते हैं या रास्तों को अवरुद्ध करते हैं, तो स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक विभाग मिलकर स्थिति को संभालेंगे. पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें.