दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी सीपीसीबी के ताजा आंकड़ों के अनुसार दिल्ली के कम से कम 18 स्थानों पर हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई है, जहां AQI 400 के पार पहुंच चुका है. जहांगीरपुरी इलाका सबसे अधिक प्रभावित हुआ है, जहां सूचकांक 450 को पार कर गया है. इसके अतिरिक्त बवाना, नरेला, विवेक विहार, अलीपुर और आरके पुरम जैसे इलाकों में भी हवा का स्तर काफी खराब है.