सिर्फ बस नहीं, मेट्रो और शॉपिंग के लिए भी काम आएगा दिल्ली का 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड'

1 अगस्त से मुफ्त बस यात्रा के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होगा, डेबिट कार्ड फीचर के साथ मेट्रो, नमो भारत और दुकानों में भी कर सकेंगी भुगतान.

Advertisement
1 अगस्त से अनिवार्य होगा 'पिंक सहेली कार्ड' (Photo- X/CMO Delhi) 1 अगस्त से अनिवार्य होगा 'पिंक सहेली कार्ड' (Photo- X/CMO Delhi)

सुशांत मेहरा

  • नई दिल्ली,
  • 27 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 2:39 PM IST

दिल्ली की महिलाओं के लिए शुरू किया गया 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' अब केवल डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा. दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने इस कार्ड को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) के रूप में विकसित किया है, जिसके जरिए महिलाएं न सिर्फ मुफ्त बस यात्रा कर सकेंगी, बल्कि इसे डेबिट कार्ड की तरह मॉल, दुकानों, दिल्ली मेट्रो और नमो भारत ट्रेनों में भी इस्तेमाल कर सकेंगी. 

Advertisement

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि डेबिट कार्ड सुविधा वाला पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया के जरिए जारी किया जाएगा. इसके लिए महिलाओं को डीटीसी के अधिकृत बैंक के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा. आवेदन के दौरान दिल्ली के पते वाला आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य जरूरी व्यक्तिगत जानकारी देनी होगी. 

जरूरत पड़ने पर पैन कार्ड भी मांगा जा सकता है, इसके बाद वीडियो केवाईसी पूरी होने पर कार्ड आवेदक के घर भेज दिया जाएगा. डीटीसी इस कार्ड को दो विकल्पों में जारी कर रहा है. पहला जीरो केवाईसी कार्ड, जिसमें आधार और ओटीपी के जरिए तुरंत कार्ड जारी हो जाएगा और इसका उपयोग मुख्य रूप से मुफ्त बस यात्रा के लिए किया जा सकेगा. 

डीटीसी पिंक कार्ड डेबिट कार्ड सुविधा

दूसरा फुल केवाईसी कार्ड, जिसमें बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी और इसे डेबिट कार्ड की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा. परिवहन विभाग के अनुसार, मुफ्त बस यात्रा के लिए महिलाओं को बस में चढ़ते समय कार्ड को टिकट मशीन पर टैप करना होगा, जिससे उन्हें पहले की तरह निशुल्क टिकट मिल जाएगा. वहीं, अगर महिला इस कार्ड का उपयोग मेट्रो, नमो भारत ट्रेन या दुकानों में भुगतान के लिए करना चाहती है, तो उसे पहले अपने बैंक खाते या यूपीआई के माध्यम से कार्ड में राशि जोड़नी होगी.

Advertisement

डीटीसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि 1 अगस्त से डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा. बिना वैध कार्ड के महिला यात्रियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी. इसी को लेकर बसों और डिपो में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है.

डीटीसी ने अन्य यात्रियों के लिए भी अलग-अलग रंगों के स्मार्ट कार्ड तय किए हैं. महिलाओं के लिए गुलाबी, सामान्य यात्रियों के लिए नीला, जबकि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए नारंगी रंग का कार्ड निर्धारित किया गया है. हालांकि, विभाग के अनुसार नारंगी कार्ड जारी करने की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है.

यह भी पढ़ें: जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनेंगे युवा, दिल्ली सरकार ने ₹400 करोड़ की 'स्टार्ट-अप नीति' को दी मंजूरी

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »