दिल्ली के सीमापुरी इलाके में चार मंजिला इमारत गिर गई है. हादसे के बाद 4-5 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. पुलिस के मुताबिक, यह इमारत करीब 25 गज की जमीन पर बनी थी. मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है.
DCP आर मिणा ने बताया कि इमारत चार मंजिला थी और करीब 25 गज के प्लॉट पर बनी थी. हादसे के बाद 4-5 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. मलबे में अभी भी लोगों के फंसे होने की आशंका है. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और बचाव टीम मलबा हटाने में जुटी है. फिलहाल कितने लोग अंदर फंसे हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. हादसा किस वजह से हुआ, यह भी अभी स्पष्ट नहीं है.
.मौके पर पहुंचीं दमकल की चार गाड़ियां
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. रेस्क्यू टीम मलबे को हटाने में जुटी है. कोशिश है कि अगर कोई व्यक्ति अंदर फंसा है तो उसे जल्द बाहर निकाला जा सके.
कितने लोग फंसे हैं, अभी साफ नहीं
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल मलबे में फंसे लोगों की संख्या को लेकर है. अभी यह साफ नहीं है कि अंदर कितने लोग हो सकते हैं. 4-5 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. हालांकि, उनकी हालत को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है. इमारत किस वजह से गिरी, यह भी अभी पता नहीं चल पाया है. मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. बचाव टीम मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रही है.
दिल्ली में इमारत गिरने का यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब हाल में सत्य निकेतन में एक बड़ी इमारत ढहने की घटना सामने आई थी. दरअसल, 6 सितंबर 2026 को दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला PG इमारत गिर गई थी. उस हादसे में 5 स्टूडेंट्स समेत 7 लोगों की मौत हुई थी. उस मामले में MCD के पांच अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया था. इनमें डिप्टी कमिश्नर, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर शामिल थे.
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने बिना अनुमति बनी पांचवीं मंजिल वाली इमारतों को सील करने का आदेश दिया था. आसपास के PG और दूसरी इमारतों की जांच की बात भी कही गई थी. नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया था. इसके अलावा, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पुरानी इमारतों के स्ट्रक्चरल ऑडिट की बात कही थी. प्रस्तावित नियम के तहत 20, 30 या 40 साल पुरानी इमारतों की सुरक्षा जांच कराए जाने की बात सामने आई थी. हालांकि, सीमापुरी में गिरी इमारत की वजह अभी साफ नहीं है. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
ऐसे में सीमापुरी का यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि पुरानी और कमजोर इमारतों की सुरक्षा को लेकर जमीन पर कितनी सख्ती से जांच हो रही है.
अंशुल सिंह / इसरार अहमद