राजधानी दिल्ली के रोहिणी से एक हादसे की खबर सामने आई है. रोहिणी सेक्टर 16 में एक बिल्डिंग गिर गई है. इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई है. बताया जा रह है यह चार मंजिला बिल्डिंग काफी पुरानी थी और बारिश के चलते ढह गई. आशंका है कि इसके मलबे में कुछ और लोग दबे हो सकते हैं. दमकल की 4 गाड़िया भेजी गई हैं. फंसे हुए लोगों को रेस्क्यू किए जाने के लिए ऑपरेशन शुरू हो गया है. मलबे में दबा एक व्यक्ति सिर्फ हाथ निकाल पा रहा था और बचाने की गुहार लगा रहा था. जिसके वीडियो ने लोगों को झकझोर दिया.
बचाव टीम मौके पर
दिल्ली में बुधवार शाम हुई तेज बारिश के बीच रोहिणी इलाके में एक मकान ढह जाने से अफरा-तफरी मच गई. हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं. आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे कुछ लोग फंसे हो सकते हैं. उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है. वहीं, डीसीपी शशांक जैसवाल ने एक शख्स की मौत होने की पुष्टि की है.
'शाम 4:20 बजे मिली हादसे की जानकारी'
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के मुताबिक, घटना की सूचना बुधवार शाम करीब 4:20 बजे मिली. बताया गया कि हादसा रोहिणी सेक्टर-16 में एमसीडी स्कूल के पास हुआ, जहां अचानक एक मकान भरभराकर गिर गया. सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार रेस्क्यू टीमों को मौके पर रवाना किया. बचावकर्मी मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं. एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को भी सुरक्षित कराया गया है, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मकान गिरने की वजह क्या थी और मलबे में कितने लोग फंसे हुए हैं, हालांकि लगातार हो रही बारिश को हादसे की संभावित वजहों में माना जा रहा है. प्रशासन ने कहा है कि राहत और बचाव अभियान जारी है. मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है. घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
घटनास्थल का वीडियो आया सामने
घटना स्थल का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें बिल्डिंग का मलबा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है और आस-पास अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है. लोग इस बिल्डिंग के आस-पास मदद के लिए जुटे हैं. हालांकि अभी यह सामने नहीं आया है कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि हुई है या नहीं.
अंशुल सिंह