दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर के पास हुए कांग्रेस और INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट के मामले की जांच कर रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कई मोबाइल वीडियो सामने आए हैं, जिनमें महिला पुलिस अधिकारियों और कांस्टेबलों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिख रही है.
इन वीडियो की जांच करके उन प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है, जो कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी में शामिल रहे. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि घटना किस तरह शुरू हुआ और अलग-अलग जगहों पर क्या हुआ.
यह भी पढ़ें: '40-50 लोगों ने घेरकर पीटा, गाली-गलौज...', दिल्ली पुलिस के जवान ने बयां किया दर्द
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की उन धाराओं के तहत FIR दर्ज होने की संभावना है, जिनमें सरकारी कर्मचारियों पर हमला, उनके काम में बाधा डालना और ड्यूटी के दौरान रोकने जैसे अपराध शामिल हैं. पुलिस दूसरे स्रोतों से मिले वीडियो और फुटेज की भी जांच कर रही है.
INDIA ब्लॉक प्रदर्शन के दौरान की घटना
यह मामला बुधवार को जंतर-मंतर के पास हुए INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन से जुड़ा है. विपक्षी दलों का यह प्रदर्शन चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ था. विपक्षी नेता विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा रहे थे.
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और दूसरे विपक्षी सांसद पुलिस बैरिकेड पार करके जंतर-मंतर की तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे. राहुल गांधी ने बैरिकेड से लगे गेट को खोलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई.
यह भी पढ़ें: विपक्ष के प्रदर्शन के बीच छावनी में तब्दील हुई दिल्ली! CAPF की 50 और कंपनियां होंगी तैनात
कांग्रेस और विपक्षी सांसदों ने किया प्रोटेस्ट
कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कई विपक्षी नेता घायल हुए. प्रियंका गांधी भी जमीन पर लेटी हुई नजर आईं. उन्होंने आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें जमीन पर गिराया.
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया. इससे पहले मंगलवार के प्रदर्शन को लेकर भी दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की थी. पुलिस के मुताबिक, INDIA ब्लॉक ने संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च की योजना बनाई थी, लेकिन इसके लिए आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी.
aajtak.in