दिल्ली में कानून व्यवस्था की स्तर पर शुक्रवार को बड़ा बदलाव हुआ है. सतीश गोलचा को दिल्ली के पुलिस कमिश्नर की पद से हटा दिया गया है. सतीश की जगह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है. उन्होंने पदभार संभाल लिया है.
सूत्रों के अनुसार, यह नियुक्ति दिल्ली की सुरक्षा स्थिति और आने वाली चुनौतियों को देखते हुए की गई है. साथ ही राजधानी में खुफिया जानकारी पर आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने की जरूरत को भी ध्यान में रखा गया है.
अनुराग कुमार लंबे समय से इंटेलिजेंस ब्यूरो में काम कर रहे थे और उन्होंने अपने कार्यकाल में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. स्पेशल डायरेक्टर के तौर पर वे आतंकवाद विरोधी अभियानों, जासूसी विरोधी कार्रवाई और देश की अंदरूनी सुरक्षा से जुड़े कामों में सीधे तौर पर जुड़े रहे.
इस दौरान उन्होंने केंद्र की एजेंसियों और राज्यों की पुलिस के बीच तालमेल बेहतर बनाने में भी बड़ी भूमिका निभाई. यही वजह है कि उनके काम को लेकर सुरक्षा से जुड़े हलकों में उन्हें एक भरोसेमंद अधिकारी माना जाता है.
अब जब वे दिल्ली पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं तो उनके खुफिया विभाग के अनुभव को बहुत अहम माना जा रहा है. दिल्ली में आने वाले समय में कई बड़े राष्ट्रीय आयोजन होने वाले हैं जिनके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत रहेगी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा हटाए गए, अनुराग कुमार ने संभाला कमान
ऐसे मौकों पर पहले से खतरों का अंदाजा लगाना और सही समय पर कार्रवाई करना बहुत जरूरी होता है. अनुराग कुमार का खुफिया एजेंसी में काम करने का अनुभव इस काम में मदद करेगा.
माना जा रहा है कि उनकी नियुक्ति के बाद दिल्ली पुलिस के काम करने के तरीके में भी बदलाव देखने को मिल सकता है, खासतौर पर खुफिया जानकारी के आधार पर अपराध और सुरक्षा से जुड़े मामलों को सुलझाने में.
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि उनके नेतृत्व में दिल्ली पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो के बीच तालमेल और बेहतर होगा, जिससे राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी.
सतीश गोलचा का कार्यकाल अभी खत्म नहीं हुआ था. लेकिन, माना जा रहा है कि ये बदलाव आने वाले दिनों में राजधानी की सुरक्षा स्थिति को देखते हुए लिया गया है.
मंजीत नेगी