इंटरनेशनल सिंडिकेट, 2 हजार करोड़ की बेची ड्रग्स… तमिल फिल्म इंडस्ट्री का प्रोड्यूसर निकला सरगना 

दिल्ली पुलिस और एनसीबी का ज्वाइंट ऑपरेशन कर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. ये सिंडिकेट अब तक 2000 करोड़ रुपए की ड्रग्स बेच चुका है. सिंडिकेट का सरगना तमिल फिल्म इंडस्ट्री का एक बड़ा प्रोड्यूसर निकला है, जिसकी फिल्म मार्च में रिलीज होने वाली है. फिलहाल वह फरार है और उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है. 

Advertisement
प्रतीकात्मक तस्वीर. प्रतीकात्मक तस्वीर.

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली ,
  • 24 फरवरी 2024,
  • अपडेटेड 11:44 PM IST

दिल्ली पुलिस और एनसीबी ने ज्वाइंट ऑपरेशन कर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. इसका नेटवर्क भारत, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया तक फैला हुआ है. मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार करते हुए दिल्ली में 50 किलोग्राम स्यूडोएफेड्रिन ड्रग्स को जब्त की गई है. 

हेल्थ मिक्स पाउडर, सूखा नारियल जैसे खाद्य पदार्थों की आड़ में हवाई और समुद्री कार्गो के जरिए ड्रग्स की तस्करी की जा रही थी. एनसीबी पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहा है.

Advertisement

एनसीबी के डिप्टी डायरेक्टर ज्ञानेश्वर सिंह के मुताबिक, न्यूजीलैंड के कस्टम अधिकारियों और ऑस्ट्रेलियाई पुलिस से जानकारी मिली थी कि सूखे नारियल के पाउडर में छिपाकर बड़ी मात्रा में स्यूडोएफेड्रिन दोनों देशों में भेजा जा रहा था. यूएस डीईए (ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन) से जानकारी मिली थी कि ड्रग्स दिल्ली से जा रहा है.

यह भी पढ़ें- दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने का मामला, हाई कोर्ट ने केजरीवाल सरकार से एक्शन प्लान मांगा

1.5 करोड़ रुपये प्रति किलो में बिकती है ये ड्रग

स्यूडोएफेड्रिन का उपयोग मेथामफेटामाइन बनाने के लिए किया जाता है, जो दुनिया भर में सबसे ज्यादा डिमांड वाला नशीला पदार्थ है. ये ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में लगभग 1.5 करोड़ रुपये प्रति किलो में बिकती है. इस सिंडिकेट को तोड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और एनसीबी की एक ज्वाइंट टीम बनाई गई थी.

Advertisement

50 किलो स्यूडोएफेड्रिन मौके से हुई थी बरामद 

लगभग 4 महीने की जांच के बाद पता चला कि ये सिंडिकेट ऑस्ट्रेलिया में एक और खेप भेजने की कोशिश कर रहा है. इसके बाद टीम ने बीते 15 फरवरी को पश्चिमी दिल्ली के बसई दारापुर में उनके गोदाम में छापा मारा गया. उस वक्त आरोपी स्यूडोएफेड्रिन को मल्टीग्रेन खाद्य मिक्सचर की एक कवर खेप में पैक करने की कोशिश कर रहे थे. इस दौरान  50 किलो नशीला पदार्थ बरामदगी किया गया था.

तमिलनाडु के तीन गुर्गे हुए थे छापेमारी में गिरफ्तार 

इस गिरोह के तीन गुर्गों को मौके से गिरफ्तार किया गया था. सभी तमिलनाडु के रहने वाले हैं. उन्होंने खुलासा किया कि पिछले 3 सालों में उनके द्वारा कुल 45 खेप भेजी गई थीं, जिसमें लगभग 3,500 किलोग्राम स्यूडोएफेड्रिन था. इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2000 करोड़ रुपये से अधिक है.

तमिल फिल्म निर्माता है सिंडिकेट का मास्टरमाइंड 

इस सांठगांठ के मास्टरमाइंड की पहचान एक तमिल फिल्म निर्माता के रूप में की गई है, जो फरार है. उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया है, ताकि वह देश छोड़कर भाग न सके. बताया जा रहा है कि उसकी फिल्म मार्च में रिलीज होने वाली है. 

तमिल फिल्म निर्माता को पकड़ने की कोशिश की जा रही है, ताकि स्यूडोएफेड्रिन के सोर्स का पता लगाया जा सके. इसके अलावा एनसीबी संबंधित देशों में स्थित गुर्गों को पकड़ने के लिए न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों तक पहुंच गई है, ताकि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement