दिल्ली-NCR में फरवरी से ही गर्मी का कहर जारी है. मार्च की शुरुआत से तापमान लगातार बढ़ रहा है, लेकिन रविवार, 15 मार्च 2026 को मौसम ने अचानक करवट ली है. राजधानी के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार दोपहर तक कई जगहों पर बारिश जारी रह सकती है. वहीं, सोमवार 16 मार्च को भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है.
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर ने कुछ दिन पहले दिल्ली में बारिश की संभावना जताई थी. इसके पीछे का कारण पश्चिमी विक्षोभ बताया गया है.
दिल्ली सहित उत्तरी मैदानी इलाकों में 15 मार्च 2026 से मौसम गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई गई है.
17 मार्च के करीब उत्तर भारत में एक और मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय हो सकती है. अनुमान है कि 18 से 20 मार्च के बीच पंजाब और हरियाणा में भी बारिश दर्ज की जा सकती है.
दिल्ली में कितना बढ़ा पारा?
IMD के रीजनल मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार 1 मार्च 2026 को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 11 मार्च को यह बढ़कर 36.8 डिग्री तक पहुंच गया.
पिछले कुछ सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो मार्च 2021 में दिल्ली के सफदरजंग में सबसे अधिक तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.
शनिवार 14 मार्च 2026 को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं आज दिल्ली के सफदरजंग में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है.
पंजाब-हरियाणा समेत कई राज्यों में बदलेगा मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश का असर दिखने की संभावना है. उत्तर प्रदेश, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में भी हल्की बारिश हो सकती है.
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम में बदलाव आ सकता है.
असम में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के साथ अरुणाचल प्रदेश में भी बारिश होने की उम्मीद है.
IMD ने जानकारी दी है कि मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ के कारण 15 और 16 मार्च को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों में ओलावृष्टि के साथ गरज, बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं.
अमन मैखुरी