दक्षिण दिल्ली के भाटी माइंस इलाके में एक 13 वर्षीय छात्र की गला घोंटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने बुधवार को बताया कि मामले की जांच जारी है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.
मृतक 9वीं कक्षा का छात्र था, जो मंगलवार शाम अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था. देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.
यह भी पढ़ें: गुजरात में बड़े साइबर रैकेट का पर्दाफाश, सिद्दीकी मर्डर से भी है कनेक्शन
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. तलाशी के दौरान पुलिस टीम को पास के एक जंगल क्षेत्र से छात्र का शव बरामद हुआ. शव मिलने की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि छात्र की हत्या गला घोंटकर की गई है. हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
aajtak.in