दिल्ली में बुधवार शाम तेज आंधी और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया. राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हुई बारिश के बाद तापमान में अचानक बड़ी गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक शाम 6:30 बजे से रात 8:30 बजे के बीच दिल्ली के कई हिस्सों में तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली.
आईएमडी के मुताबिक सफदरजंग में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, यानी 11 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. वहीं पालम में तापमान 37 डिग्री से घटकर 28 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो 9 डिग्री की कमी है. जनकपुरी में तापमान 35.3 डिग्री से गिरकर 25.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, जबकि नारायणा में पारा 33.4 डिग्री से घटकर 23.8 डिग्री सेल्सियस हो गया.
यह भी पढ़ें: नोएडा में धूलभरी आंधी, दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, बारिश के भी आसार
पूसा में तापमान 36.3 डिग्री से गिरकर 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पीतमपुरा में 8.2 डिग्री और प्रगति मैदान में 7.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई. बारिश की बात करें तो जनकपुरी में सबसे ज्यादा 23.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा नारायणा में 12 मिमी, पूसा में 9 मिमी, पालम में 5.2 मिमी, सफदरजंग में 2.1 मिमी और प्रगति मैदान में 0.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. हालांकि जाफरपुर, नजफगढ़, पीतमपुरा और मयूर विहार में बारिश दर्ज नहीं की गई.
आंधी के साथ तेज हवाएं भी चलीं. पालम में सबसे तेज 65.5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली. पूसा में 59 किमी प्रति घंटा, पीतमपुरा में 46 किमी प्रति घंटा और प्रगति मैदान में 37 किमी प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज की गई. इससे पहले दिन में सफदरजंग में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक था. वहीं हीट इंडेक्स यानी 'फील्स लाइक' तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था.
यह भी पढ़ें: Delhi Weather: मॉनसून के लिए दिल्ली अभी दूर...इस महीने नहीं होगी एंट्री! जानें मौसम का हाल
आईएमडी के मुताबिक जून महीने में अब तक दिल्ली में 39.6 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य औसत 48.3 मिमी है. यानी राजधानी में अब तक 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने गुरुवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में गरज-चमक की संभावना जताई है. न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
aajtak.in