दिल्ली में दिनदहाड़े बिल्डर के ऑफिस में फायरिंग, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

दिल्ली के नबी करीम थाना इलाके में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दिनदहाड़े फायरिंग की एक वारदात सामने आई. बताया जा रहा है कि आर्य नगर स्थित शिव मंदिर के पास एक बिल्डर के ऑफिस में एक बदमाश ने गोलियां चला दीं.

Advertisement
गोली चलने से ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई. (Photo: Representational) गोली चलने से ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई. (Photo: Representational)

अरविंद ओझा

  • नई दिल्ली,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:50 PM IST

दिल्ली के नबी करीम थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी फैल गई. आर्य नगर स्थित शिव मंदिर के पास बिल्डर महेश चंद के ऑफिस में एक बदमाश ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही नबी करीम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी पहले भी मकान देखने के बहाने बिल्डर महेश चंद के ऑफिस आ चुका था. आज दोपहर वह फिर ऑफिस पहुंचा. बताया जा रहा है कि बिल्डर महेश चंद से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी.

यह भी पढ़ें: अटल सेतु से अब तक 12 लोगों ने कूदकर दी जान, 4 के शव अब भी लापता

स्टाफ ने पकड़ने की कोशिश की

गोली चलने से ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई. मौजूद स्टाफ ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह धक्का देकर भाग निकला. भागते समय उसने दहशत फैलाने के लिए सड़क पर भी हवाई फायरिंग की और फिर गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गया. गनीमत रही कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

Advertisement

वहीं, घटना की खबर मिलते ही बिल्डर महेश चंद के बेटे राहुल जिंदल भी ऑफिस पहुंच गए. उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. राहुल जिंदल ने बताया कि आरोपी पहले भी ऑफिस आ चुका है, जिससे उसकी पहचान कराना आसान होगा.

पुलिस खंगाल रही CCTV

नबी करीम थाना पुलिस ने मौके से कुछ खाली खोखे बरामद किए हैं. पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान और भागने की दिशा का पता लगाया जा सके. 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में कई टीमें गठित कर दी गई हैं और आरोपी की तलाश जारी है. फायरिंग के पीछे की वजह पुरानी रंजिश है या रंगदारी, पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है.

इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है. पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »