दिल्ली की जनता के बीच पर्चे लेकर पहुंचे 'आप नेता', बीजेपी की नाकामी पर पूछे सवाल

दिल्ली में पहली बार निगम चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी प्रचार के लिए 12 सवालों का एक पर्चा लेकर जनता के बीच घूम रही है. इन 12 सवालों के पर्चे में आम आदमी पार्टी की उपलब्धियां गिनाई गई हैं. साथ बीजेपी के शासन पर सवाल उठाए गए हैं.

Advertisement
दिल्ली में चुनाव प्रचार करते 'आप' कार्यकर्ता दिल्ली में चुनाव प्रचार करते 'आप' कार्यकर्ता

आशुतोष मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 09 अप्रैल 2017,
  • अपडेटेड 3:38 PM IST

दिल्ली में नगर निगम चुनाव के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां अलग अलग अंदाज में प्रचार कर रही हैं. निगम की सत्ता में एक दशक से काबिज बीजेपी अपने खिलाफ एंटी इनकंबेंसी दूर करने के लिए नए चेहरों पर दांव खेल रही है. तो कांग्रेस अपने अनुभव को हथियार बना रही है.

वहीं पहली बार निगम चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी प्रचार के लिए 12 सवालों का एक पर्चा लेकर जनता के बीच घूम रही है. इन 12 सवालों के पर्चे में आम आदमी पार्टी की उपलब्धियां गिनाई गई हैं. साथ बीजेपी के शासन पर सवाल उठाए गए हैं.

Advertisement

रविवार दोपहर आम आदमी पार्टी की तिमारपुर सीट से उम्मीदवार प्रमिला गुप्ता इसी सर्वे वाले 12 सवालों के पर्चो के साथ इलाके में चुनाव प्रचार करती नजर आई. तिमारपुर के वार्ड संख्या 12 उत्तरी की झुग्गियों में प्रचार करते हुए प्रमिला गुप्ता, उनका परिवार और उनके कार्यकर्ता हर घर जाकर सदस्यों से यह परिचय भरवा रही हैं. 12 सवालों के इस फॉर्म पर आम आदमी पार्टी ने लोगों से यह पूछा है कि क्या उन्हें पता है कि दिल्ली में साफ सफाई की जिम्मेदारी किसकी है? दूसरा सवाल है कि क्या आपको पता है कि पिछले 20 साल से एमसीडी को भाजपा और कांग्रेस चला रही है?

इसी तरह से इन 12 सवालों के जरिए 'आप' ने बीजेपी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. पर्चे में ये सवाल भी किया गया कि क्या पिछले 2 सालों की केजरीवाल सरकार के दौरान लोगों को बिजली, पानी और मोहल्ला क्लीनिक के जरिए फायदा मिला? सर्वे फॉर्म पर आम आदमी पार्टी ने यह भी पूछा है कि 2 सालों में दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में फीस नहीं बढ़ने का फायदा क्या लोगों को मिला. साथ ही क्या केजरीवाल सरकार के काम से जनता खुश है और क्या जनता चाहती है कि अब एमसीडी से भ्रष्टाचार दूर हो और दिल्ली को साफ सुथरा किया जाए?

Advertisement

सर्वे का यह फॉर्म लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली के हर इलाके में घर घर जाकर यह भी पूछ रहे हैं कि MCD के चुनाव में वह वोट किसको देंगे. आम आदमी पार्टी के इस सर्वे अभियान पर दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता हरीश खुराना ने कहा, 'इस सर्वे कराने का अधिकार हर राजनीतिक दल को है लेकिन दिल्ली की जनता अपना मन बना चुकी है और जनता तीनों ही निगमों में दो तिहाई बहुमत से बीजेपी की सत्ता लाने वाली है.'

वहीं आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष दिलीप पांडे का कहना है कि इस सर्वे के जरिए 10 सालों से एमसीडी में राज कर रही बीजेपी की नाकामियों को जनता के बीच ले जाया जा रहा है.

बता दें कि दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग होनी है. वोटों की काउंटिंग 25 अप्रैल को होगी.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement