'नीतीश के साथ सोनिया से मिलेंगे, एकजुट विपक्ष के लिए करेंगे हर कोशिश', दिल्ली में बोले लालू यादव

राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू यादव दिल्ली पहुंच गए हैं. लालू यादव ने दिल्ली पहुंचने के बाद एकजुट विपक्ष की बात की और ये भी कहा कि वे नीतीश कुमार के साथ कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे. लालू ने पटना एयरपोर्ट पर दिल्ली रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर भी बीजेपी पर निशाना साधा.

Advertisement
लालू यादव (फाइल फोटोः पीटीआई) लालू यादव (फाइल फोटोः पीटीआई)

सुजीत झा

  • पटना,
  • 24 सितंबर 2022,
  • अपडेटेड 3:17 PM IST

बिहार की सत्ता पर काबिज महागठबंधन के अहम घटक दल राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पटना में थे. लालू यादव पटना से शनिवार को दिल्ली पहुंच गए हैं. लालू यादव सुबह 10 बजे की फ्लाइट से पटना से दिल्ली के लिए रवाना हुए. लालू यादव ने दिल्ली पहुंचकर कहा है कि वे नीतीश कुमार के साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलेंगे.

Advertisement

लालू यादव ने कहा है कि हम विपक्ष को एकजुट करने के लिए हर मुमकिन प्रयास करेंगे. उन्होंने फिर से दोहराया कि 2024 के आम चुनाव में हम पीएम मोदी की सत्ता को उखाड़ फेकेंगे. इससे पहले लालू यादव पटना एयरपोर्ट पर भी अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आए. लालू यादव ने पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और बिहार दौरे पर पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा.

लालू यादव ने गृह मंत्री अमित शाह को रिटायर बता दिया. उन्होंने कहा कि अमित शाह अब रिटायर हो चुके हैं. लालू यादव ने ये भी दावा किया कि बीजेपी का सफाया हो जाएगा. गौरतलब है कि लालू यादव पिछले काफी समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं. लालू यादव विदेश जाकर अपना इलाज कराएंगे. लालू यादव को किडनी ट्रांसप्लांट के लिए विदेश जाने की इजाजत कोर्ट ने दे दी है.

Advertisement

लालू यादव किडनी ट्रांसप्लांट कराने के लिए सिंगापुर जाना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने कोर्ट से इजाजत मांगी थी. चारा घोटाले में सजायाफ्ता आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव का पासपोर्ट कोर्ट में जमा था. लालू यादव ने कोर्ट से पासपोर्ट की अवधि समाप्त होने पर नवीनीकरण के लिए पासपोर्ट रिलीज करने की मांग की थी. कोर्ट ने लालू यादव का पासपोर्ट रिलीज कर दिया था जिसके बाद उसका नवीनीकरण कराया गया और इसके बाद कोर्ट से उपचार के लिए विदेश जाने की इजाजत मांगी गई थी.

कोर्ट से इजाजत मिलने के बाद लालू यादव के उपचार के लिए विदेश जाने का रास्ता साफ हो गया है. लालू यादव का उपचार फिलहाल दिल्ली के एम्स अस्पताल में चल रहा था. बता दें कि गृह मंत्री अमित शाह बिहार के सीमांचल क्षेत्र के दो दिन के दौरे पर हैं. अमित शाह ने लालू और नीतीश की जोड़ी पर जमकर हमला बोला था. अब लालू यादव ने उन्हें रिटायर बताकर पलटवार किया है. 

(समाचार एजेंसी ANI के इनपुट के साथ)

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »