बिहार: दोस्तों संग गंडक नदी में नहाने गए थे तीन भाई, दो की डूबने से मौत

बेगूसराय में बूढ़ी गंडक नदी में डूबे दो नाबालिग भाइयों के शव 24 घंटे के अंदर एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिए हैं. बच्चों की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मंझौल के सरपंच कन्हैया कुमार ने कहा कि वे मृतक भाइयों के परिजनों के लिए प्रशासन से मुआवजे की मांग करेंगे.

Advertisement
24 घंटे के अंदर शव बरामद. 24 घंटे के अंदर शव बरामद.

सौरभ कुमार

  • बेगूसराय,
  • 02 अप्रैल 2023,
  • अपडेटेड 1:15 PM IST

बिहार के बेगूसराय में बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से दो भाइयों की मौत हो गई. एसडीआरएफ की टीम ने 24 घंटे के अंदर दोनों के शवों को नदी से बरामद कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, शनिवार को तीन भाई अपने दोस्तों के साथ बोधि बांध स्थित बूढ़ी नदी पहुंचे थे. नहाने के लिए सभी दोस्त नदी में उतरे.

इस दौरान एक भाई गहराई वाली जगह जा पहुंचा और डूबने लगा. उसे बचाने के लिए दूसरे भाई भी उस तरफ गए तो वे भी डूबने लगे. जैसे तैसे करके एक भाई ने तो खुद को बचा लिया. लेकिन दो भाई पानी में डूब गए.

Advertisement

पानी से बाहर आकर उस भाई ने दोस्तों के साथ मिलकर शोर मचाना शुरू किया. ताकि कोई उसके भाइयों की मदद कर सके. लड़कों का शोर सुनकर आस-पास के लोग वहां आ गए. उन्होंने दोनों भाइयों को ढूंढना शुरू किया. लेकिन दोनों भाइयों का कुछ पता नहीं लग पाया.

तुरंत पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को खबर दी गई. मौके पर पहुंचीं पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने भाइयों को ढूंढना शुरू किया. जिसके बाद रविवार की सुबह दोनों भाइयों के शव नदी से बरामद किए गए. उधर, 17 वर्षीय भोला और 14 वर्षीय राजीव की मौत के बाद से उनके घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस ने फिलहाल दोनों भाइयों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय के जिला अस्पताल में भिजवा दिया है. मंझौल के सरपंच कन्हैया कुमार ने दोनों भाइयों की मौत पर शोक जताया है. साथ ही कहा कि वे मृतक भाइयों के परिजनों के लिए प्रशासन से मुआवजे की मांग करेंगे.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »