आजकल लोग वजन घटाने के लिए कई तरीके अपना रहे हैं. कोई वेटलॉस दवाएं ले रहा है, कोई सर्जरी से तो कई लोग एक्सरसाइज से भी वजन घटा रहे हैं. लेकिन वजन कम करने का बेस्ट तरीका क्या है. वेट लॉस के लिए सबसे जरूरी किन बातों का ध्यान रखना है?
इस बारे में दिल्ली AIIMS मे सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. मंजूनाथ मारुति पोल ने Aajtak.in को बताया है. डॉ. मंजूनाथ बताते हैं कि वजन घटाने को कुछ दिनों का काम नहीं बल्कि एक लंबी प्रक्रिया के तौर पर देखना जाना चाहिए. सिर्फ दवाओं के भरोसे या कुछ ही दिनों में वजन कम करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. वजन घटाते समय शरीर की मेटाबॉलिक हेल्थ को बनाए रखना भी जरूरी है.
क्या होती है मेटाबॉलिक हेल्थ?
मेटाबॉलिक हेल्थ का मतलब है कि शरीर ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और शरीर में जमा फैट को कितनी अच्छी तरह से कंट्रोल किया जा रहा है. डॉ. मंजूनाथ का कहना है कि वजन कम करने के दौरान ये जरूरी है कि आपकी मेटाबॉलिक हेल्थ भी मेंटेन रहे. इसलिए सिर्फ वजन कम करने पर ध्यान देना ही काफी नहीं है. ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को सामान्य स्तर पर बनाए रखना भी जरूरी है. इसके लिए डॉक्टर की सलाह पर जरूरी जांच करानी चाहिए.
वजन घटाने के लिए क्या करें?
डॉ. पोल के मुताबिक, वजन कम करने के लिए अच्छी डाइट और एक्सरसाइज बहुत जरूरी है. यहां तक कि अगर कोई व्यक्ति वजन घटाने के लिए सर्जरी भी कराता है, तब भी उसे खानपान और एक्सरसाइज से जुड़ी अच्छी आदतें अपनानी चाहिए. ऐसी लाइफस्टाइल मेंटेन करें, जिसे लंबे समय तक जारी रखा जा सके. इसके लिए आप एक्सरसाइज करें. इसके लिए पैदल चलना, जॉगिंग, साइकिल चलाना या अपनी क्षमता के अनुसार दूसरी एक्सरसाइज कर सकते हैं. मांसपेशियों को मजबूत बनाने और उन्हें बनाए रखने के लिए स्ट्रेंथ ट्रेनिंग भी फायदेमंद है.
खाने की आदतों में सुधार करें: अपनी डाइट में सब्जियां, फल, दालें, साबुत अनाज और प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल करें. मीठे पेय, ज्यादा चीनी और तले हुए खाने का सेवन कम करें. ऐसी संतुलित डाइट लें, जिससे शरीर को जरूरी प्रोटीन और विटामिन भी मिलें और शरीर फिट रहे.
तेजी से वजन घटाने से बचें: डॉ कहत हैं कि आजकल लोगों को तेजी से वजन घटाने का शौक है, लेकिन ये सही नहीं है. इससे शरीर में साइड इफेक्ट हो सकते हैं. तेजी से वजन कम करने के चक्कर में शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो सकती है. इससे मांसपेशियां कमजोर हो सकती हैं और सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है. इसलिए बहुत सख्त डाइट अपनाने के बजाय धीरे-धीरे और टिकाऊ तरीके से वजन घटाने की कोशिश करें.
यह भी पढ़ें: बार-बार यूरिन आना डायबिटीज है या प्रोस्टेट कैंसर? डॉक्टर ने बताया पहचान का सही तरीका
क्या वजन घटाने के लिए दवा या सर्जरी जरूरी है?
डॉ. पोल के मुताबिक, वजन घटाने के लिए हर व्यक्ति को दवा या सर्जरी की जरूरत नहीं होती. यह व्यक्ति के वजन, उसकी सेहत और दूसरी बीमारियों पर निर्भर करता है.
कुछ लोगों को डॉक्टर की सलाह पर वजन घटाने वाली दवाओं की जरूरत पड़ सकती है, जबकि कुछ मामलों में सर्जरी भी एक विकल्प हो सकती है. इसका फैसला मेडिकल जांच और विशेषज्ञ की सलाह के बाद ही करना चाहिए.
अगर आप वजन घटाने के लिए सर्जरी कराने के बारे में सोच रहे हैं, तो किसी योग्य विशेषज्ञ से सलाह लें. बिना डॉक्टर की सलाह के वजन घटाने वाली दवाएं लेना या उनकी खुराक खुद से बढ़ाना नुकसानदेह हो सकता है.
यह भी पढ़ें: वजन घटाने के लिए दवा बेहतर या वेट लॉस प्रोसीजर? भारतीय स्टडी में पता चला, जानें किससे मिलता है ज्यादा फायदा
सिर्फ वजन नहीं, सेहत में सुधार भी जरूरी
डॉ. मंजूनाथ मारुति पोल के मुताबिक, वजन घटाने का लक्ष्य सिर्फ शरीर का वजन कम करना नहीं, बल्कि पूरी सेहत में सुधार करना होना चाहिए. जिन लोगों को डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या है, उन्हें इन बीमारियों को कंट्रोल रखने पर भी ध्यान देना चाहिए.
सही डाइट, नियमित एक्सरसाइज और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की मदद से वजन को लंबे समय तक नियंत्रित रखा जा सकता है. जल्दी नतीजे पाने के बजाय अच्छी आदतों को लगातार अपनाना ज्यादा जरूरी है.
आजतक हेल्थ डेस्क