फैक्ट चेक: सूर्या मर्डर केस के आरोपी असद के भाई ने कही बदला लेने की बात? नहीं, ये रही सच्चाई

सोशल मीडिया पर एक जनाजे का वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि यह सूर्या खोड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद का जनाजा है. लोग पोस्ट शेयर कर कह रहे हैं कि इस जनाजे में असद का भाई उसकी मौत का बदला लेने की खुलेआम धमकी दे रहा है. आजतक फैक्ट चेक में यह दावा पूरी तरह से झूठा साबित हुआ है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के जनाजे का है, जहां असद के भाई ने कहा कि वो उसकी मौत का बदला जरूर लेगा.
सच्चाई
ये वीडियो दिल्ली के वेलकम इलाके का है, जहां मोईन कुरैशी नाम का व्यक्ति अपने भाई अमान कुरैशी के जनाजे में शामिल हुआ था. अमान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

अभिषेक पाठक

  • नई दिल्ली,
  • 02 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:59 PM IST

पुलिस एनकाउंटर में मारे गए खोड़ा हत्याकांड मामले  के मुख्य आरोपी असद के घर पर प्रशासन ने अवैध कब्जे का नोटिस लगा दिया है.  साथ ही, 15 दिन के अंदर-अंदर अवैध कब्जा खाली करने का आदेश दिया है.

अब असद के जनाजे का बताकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में किसी जनाजे में शामिल कई सारे लोग नजर आ रहे हैं. कहा जा रहा है कि ये असद का जनाजा है जिसमें सैकड़ों मुस्लिम शामिल हुए और वहां मौजूद असद के भाई ने कहा कि वो उसकी मौत का बदला जरूर लेगा.

Advertisement

वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “शॉकिंग न्यूज. 17 साल के सूर्य चौहान की बकरीद के दिन चाकू मारकर हत्या करने वाला आतंकी असद के जनाजे पर सैकड़ों मुस्लिम जुटे, और असद का भाई खुलेआम धमकी दे रहा है - बदला जरूर लूंगा.”

आगे इस व्यक्ति ने लिखा, “यूपी पुलिस को इन सब पर नजर रखनी चाहिए. बदला लेने की धमकी बर्दाश्त नहीं होगी” इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो दिल्ली के वेलकम इलाके का है, जहां मोईन कुरैशी नाम का व्यक्ति अपने भाई अमान कुरैशी के जनाजे में शामिल हुआ था. इसका खोड़ा हत्याकांड से कोई लेना-देना नहीं है.

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये 22 मई के एक इंस्टाग्राम पोस्ट में मिला. इतनी बात तो यहीं साफ हो गई कि ये वीडियो सूर्या हत्याकांड से संबंधित नहीं हो सकता है. सूर्या पर 28 मई को चाकुओं से वार किया गया था, बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी. और वहीं इस हत्या के मुख्य आरोपी असद का एनकाउंटर 31 मई को किया गया था. वायरल वीडियो इन घटनाओं से पहले का है.

Advertisement

इंस्टाग्राम के इस वीडियो में बताया गया है कि ये दिल्ली के वेलकम इलाके का मामला है, जहां मोईन नाम का एक शख्स अपने भाई के जनाजे में शामिल होने लिए आया था.

इस जानकारी के साथ सर्च करने पर हमें बेबाक हिंदुस्तान नाम के यूट्यूब चैनल पर इसकी लाइव कवरेज का लंबा वीडियो मिला. इसके मुताबिक मोईन कुरैशी को पुलिस कस्टडी में दिल्ली के वेलकम कब्रिस्तान में लाया गया गया था, जहां वो अपने भाई अमान कुरैशी के जनाजे में शामिल हुआ.

मौजपुर के रहने वाले अमान की 19 और 20 मई की दरम्यानी रात में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही अमान के परिवार वाले उसे जीटीबी अस्पताल ले गए थे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.

दरअसल कुछ महीने पहले मोईन कुरैशी ने वेलकम इलाके में फैजान उर्फ फज्जी नाम के एक लड़के की हत्या कर दी थी. इसके बाद से वो जेल में सजा काट रहा है. मोईन के परिवार वालों का आरोप का है कि इसी का बदला लेने के लिए फैजान के परिवार वालों ने मोईन के भाई अमान कुरैशी का मर्डर करवा दिया.

कयास लगाए जा रहे हैं कि अमान की हत्या आपसी रंजिश के चलते हुई है. हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement

साफ है कि वायरल वीडियो के साथ जो दावे किए जा रहे हैं, वो एकदम बेबुनियाद हैं. 

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »