यूरोप में इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है. हालत ये है कि कई शहरों में रेड अलर्ट जारी किया जा चुका है. खबर है कि कई जगह तो सड़कें तक पिघल गईं. आपने भी ऐसे कुछ हैरान कर देने वाले वीडियो जरूर देखे होंगे. इसी की आड़ में कई ऐसे वीडियो भी वायरल हो गए, जिनका न तो यूरोप से कोई लेना-देना है, और न ही गर्मी से. इस खबर में हम ऐसे ही चार वीडियो के बारे में बात करेंगे.
गुब्बारे की तरह फूली ये कार यूरोप की नहीं
इस वीडियो में एक कार का बोनट एकदम गुब्बारे की तरह फूला हुआ नजर आ रहा है. सोशल मीडिया पर कुछ लोगों का कहना है कि ये वीडियो नीदरलैंड का है और कार का ऐसा हाल वहां पड़ रही प्रचंड गर्मी की वजह से हुआ है.
सच्चाई: वीडियो की हकीकत ये है कि ये न तो हाल-फिलहाल का है, और न ही यूरोप का. ये वीडियो चीन का है और 2025 से ही इंटरनेट पर मौजूद है. कार के ऊपर बड़ा-सा गुब्बारा (बबल) गाड़ी के पिघलने की वजह से नहीं बना था. बल्कि बोनट के ऊपर चढ़ाई गई विनाइल रैप यानी पेन्ट प्रोटेक्शन फिल्म के अंदर गैस और हवा भर गई थी, जिससे ऐसा हुआ.
गर्मी से गिरे केले?
यूरोप का बताकर ही एक और वीडियो खूब शेयर किया जा रहा है. वीडियो किसी दुकान का है. दुकान में केले के गुच्छे लटके हुए नजर आते हैं. इसके बाद इनमें से एक-एक करके केले, छिलके से अलग होकर नीचे गिरने लगते हैं. कहा जा रहा है कि भयानक गर्मी की वजह से ऐसा हुआ.
सच्चाई: ये वीडियो भी हाल-फिलहाल का नहीं है और ये जुलाई 2025 से ही इंटरनेट पर मौजूद है. इस वीडियो में दुकान के बाहर एक छाता नजर आता है जिसपर चीनी भाषा में कुछ लिखा है. इसके अलावा वीडियो में पीछे एक बड़ा ट्रक गुजरता दिख रहा है, जिस पर चीन की एक कंपनी का नाम लिखा हुआ है. हम पक्के तौर पर तो नहीं कह सकते, लेकिन इस वीडियो के भी चीन का होने की काफी संभावना है. और ज्यादा पकने पर केले इस तरह से खुद-ब-खुद गिर सकते हैं.
यूरोप का नहीं है पिघला हुआ कूड़ेदान
इस वीडियो में किसी सड़क पर पड़ा एक पिघला हुआ हुआ कूड़ेदान नजर आ रहा है. इसे भी यूरोप के ताजा हालात बताकर शेयर किया जा रहा है कि कैसे इतनी गर्मी के चलते कूड़ेदान पिघल गया.
सच्चाई: वीडियो के फ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये जुलाई 2025 के एक फेसबुक पोस्ट में मिला. यहां इसे एरिजोना, अमेरिका के फीनिक्स शहर का बताया गया है. 2025 के ज्यादातर सोशल मीडिया पोस्ट में इसे एरिजोना का वीडियो ही बताया गया है. इसके अलावा हमें टिकटॉक पर 2025 में अपलोड हुआ इसी वीडियो का एक दूसरा वर्जन भी मिला, जिसमें इसे एरिजोना का ही बताया गया है. एरिजोना एक रेगिस्तानी इलाका है जहां गर्मियों में कड़ाके की धूप पड़ती है और तापमान 47 डिग्री तक पहुंच जाता है.
पुराना है टायर पिघलने का वीडियो
इस वीडियो में किसी सड़क पर चलता हुआ एक ट्रक नजर आता है. ट्रक का एक पहिया पूरी तरह से पिघला हुआ दिखाई दे रहा है. इसे भी नीदरलैंड का हालिया वीडियो बताकर कहा जा रहा है कि गर्मी के प्रकोप से ट्रक का टायर पिघल गया.
ये वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं है. वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये टिकटॉक के अगस्त 2025 के एक पोस्ट में मिला. यानी साफ है कि ये वीडियो अभी का बिल्कुल नहीं है. हालांकि टायर के पिघलने की पुख्ता वजह क्या है, इसके बारे में हम कुछ नहीं कह सकते हैं.
यूरोप में इन दिनों गर्मी से बुरा हाल है. पारा 41 डिग्री को पार कर गया है. प्रचंड गर्मी की वजह से 1300 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है. विश्व स्वास्थ संगठन के मुताबिक, इतना अधिक तापमान 65 साल और इससे ज्यादा उम्र के लोगों के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक है.
फैक्ट चेक ब्यूरो