फैक्ट चेक: धू-धूकर जलती बिल्डिंग का ये वीडियो न तो नोएडा का है, न ही किसी प्रोटेस्ट का

एक बिल्डिंग में लगी आग का वीडियो नोएडा का बताकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है. जो कि पूरी तरीके से फेक है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो नोएडा के सेक्टर-63 का है जहां प्रदर्शनकारियों ने इस बिल्डिंग में आग लगा दी.
सच्चाई
ये वीडियो हरियाणा के कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया में लगी आग का है. इस घटना का किसी प्रोटेस्ट से कोई लेना-देना नहीं है.

अभिषेक पाठक

  • नई दिल्ली,
  • 17 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 3:29 PM IST

धू-धूकर जलती एक बिल्डिंग का वीडियो नोएडा का बताकर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. कुछ लोग इसे हाल में हुए फैक्ट्री कर्मियों के प्रदर्शन से जोड़कर शेयर कर रहे हैं.

कहा जा रहा है कि नोएडा सेक्टर-63 में प्रदर्शनकारियों ने इस बिल्डिंग को आग के हवाले कर दिया. वीडियो के ऊपर ये भी लिखा है कि जब तक सैलरी नहीं बढ़ाई जाएगी, तब तक कंपनियों का यही हाल होगा.

Advertisement


बीते दिनों अलग-अलग कंपनियों के कई लोग नोएडा में सड़कों पर उतर आए थे. ये लोग सैलरी में बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. बाद में प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया और कई गिरफ्तारियां भी हुईं.

इससे पहले इस तरह के प्रदर्शन की शुरुआत हरियाणा के गुरुग्राम में हुई थी. 3 अप्रैल को मानेसर के IMT (इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप) में स्थित होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) प्लांट के हजारों कर्मचारियों ने न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर फैक्ट्री गेट के बाहर धरना दिया था.

लेकिन जहां तक सवाल इस वीडियो का है, तो न तो ये नोएडा का है और न ही किसी प्रदर्शन से इसका कोई लेना-देना है. ये वीडियो, हरियाणा के सोनीपत का है और कुंडली इंडस्ट्रियल एरिया में लगी आग को दिखाता है.

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये पंजाब केसरी हरियाणा की 3 अप्रैल की वीडियो रिपोर्ट में मिला. इसके मुताबिक ये मामला सोनीपत के कुंडली का है, जहां 3 फैक्ट्रियां आग की चपेट में आ गईं थीं. 

Advertisement

वीडियो में जो बिल्डिंग नजर आ रही है, उसका नाम है - Elpar Industries. ये कुंडली के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित है. हमें गूगल मैप्स पर भी ये फैक्ट्री मिल गई. इससे ये बात तो साबित हो गई कि वीडियो नोएडा नहीं, हरियाणा का है.

कुंडली इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान धीरज के मुताबिक फैक्ट्री नंबर-56 में आग लगी थी, जो देखते ही देखते इतनी फैल गई कि इसने आसपास की फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग बुझाने के लिए मौके पर 18 से ज्यादा दमकल गाड़ियां मौजूद थीं. शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई.

कुंडली पुलिस स्टेशन के SHO सेठी मलिक ने हमें बताया कि आग की वजह शॉर्ट-सर्किट हो सकती है, अभी जांच जारी है. उन्होंने बताया कि इस घटना से किसी भी तरह के प्रोटेस्ट का कोई लेना-देना नहीं है.

हमने Elpar Industries के मैनेजिंग पार्टनर दिव्यांशु से भी बात की. उन्होंने भी यही बताया कि इस घटना का किसी भी प्रदर्शन ने कोई संबंध नहीं है.

नोएडा पुलिस ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान से जुड़े कई एक्स अकाउंट्स ने फर्जी खबरें फैलाईं जिससे हिंसा भड़क उठी. पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है. यूपी पुलिस ने कुछ फर्जी वीडियो को लेकर लोगों को आगाह किया है.
 

Advertisement


पुलिस ने आरजेडी प्रवक्ता प्रियंका भारती और कंचना यादव पर भी फर्जी वीडियो शेयर करने को लेकर FIR दर्ज की है.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement