फैक्ट चेक: रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली ‘हिट या फ्लॉप’ की बहस के बीच वायरल हुई AI तस्वीरें

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को हुई इंडिया गठबंधन की रैली की तीन तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. फैक्ट चेक में पता चला कि ये तस्वीरें असली नहीं, बल्कि AI की मदद से बनाई गई हैं. इनमें से एक तस्वीर पर ग्रोक का लोगो मिला, जबकि दो अन्य तस्वीरें ओपनएआई के टूल्स से बनाई गई थीं.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये तस्वीरें रामलीला मैदान की हैं, और इंडिया ब्लॉक की रैली में उमड़े हुजूम को दिखाती हैं.
सच्चाई
ये सभी तस्वीरें असली नहीं हैं. इन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के जरिये बनाया गया है.

फैक्ट चेक ब्यूरो

  • नई दिल्ली,
  • 02 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:02 PM IST

एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली में कितने लोग जुटे -- इसको लेकर विपक्ष और बीजेपी के अपने-अपने दावे हैं. रैली से पहले कांग्रेस नेताओं ने 10 लाख लोगों के आने का दावा किया था. रैली के बाद बीजेपी ने सवाल किया कि आखिर 10 लाख लोग कहां थे, हमें भी दिखाइए.

इस बीच कुछ ऐसी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिनका असल में कोई अस्तित्व ही नहीं है. मतलब ये कि इन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की मदद से बनाया गया है. लेकिन इन तस्वीरों को रामलीला मैदान में हुई रैली का बताकर शेयर किया जा रहा है. इस खबर में हम ऐसी ही तीन तस्वीरों की बात करेंगे.

Advertisement

तस्वीर 1:

इस तस्वीर को एक व्यक्ति ने हैशटैग ‘#RamlilaMaidan’ के साथ एक्स पर शेयर किया और लिखा, “मोदी के विरोध मे ऐतिहासिक जनसैलाब.”

तस्वीर को गौर से देखने पर इसके दायीं तरफ नीचे की ओर ‘ग्रोक’ का लोगो नजर आता है. ग्रोक, एलन मस्क की कंपनी xAI का एक AI चैटबॉट है. इसके जरिये AI तस्वीरें बनाई जा सकती हैं. 'ग्रोक' से बनाई गई तस्वीरों पर उसका छोटा-सा लोगो भी बनकर आता है.

इसके अलावा AI डिटेक्टर टूल हाईव मॉडेरेशन ने भी इसके AI से बने होने की 99 फीसदी संभावना बताई है.

तस्वीर 2:

इस तस्वीर में भी जनसैलाब नजर आता है. एक व्यक्ति ने इसे शेयर करते हुए लिखा, “क्या हुआ मोदी जी? आंखें खुल गई क्या? अंधभक्तों, गुस्सा मत होना! बेरोजगारी, महंगाई और वोट के अधिकार पर सवाल तो उठेंगे ही! रामलीला मैदान, दिल्ली.”

Advertisement

इस तस्वीर को ओपन एआई के टूल्स के जरिये बनाया गया है. हाईव मॉडेरेशन ने इस तस्वीर के भी AI से बने होने की 99 फीसदी संभावना बताई है.

तस्वीर 3:

इस तस्वीर को भी ‘वोट चोरी’ के खिलाफ रामलीला मैदान में हुई इंडिया ब्लॉक की रैली का बताकर शेयर किया जा रहा है. तस्वीर में दिख रहा मैदान लोगों से पूरा पैक नजर आ रहा है.

वायरल तस्वीर में जिस मैदान को दिखाया गया है, उसके चारों तरफ हरियाली और पेड़ ही पेड़ नजर आते हैं. जबकि असल में ऐसा नहीं है. असल में रामलीला मैदान के आसपास सड़कें और बिल्डिंग मौजूद हैं.

AI डिटेक्टर टूल से टेस्ट करने पर पता चला कि इसे भी ओपन एआई के टूल्स की मदद से बनाया गया है.

यानी साफ है कि रामलीला मैदान में हुई इंडिया ब्लॉक की रैली से जोड़कर शेयर की जा रहीं ये तस्वीरें असली नहीं हैं.

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »