असम में भीषण बाढ़ से हालात बिगड़े हुए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक 30 जुलाई तक बाढ़ के चलते कम-से-कम 78 लोगों की जान जा चुकी है और 3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं. इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. वीडियो में बाढ़ के पानी में लगभग पूरी तरह डूब चुकी एक मस्जिद नजर आती है. मस्जिद का सिर्फ ऊपरी हिस्सा - एक मीनार और गुंबद बचा हुआ है. इसी मीनार के पास खड़े होकर एक शख्स अजान देता हुआ दिखाई दे रहा है.
वीडियो को असम का बताकर कुछ लोग लिख रहे हैं कि भीषण बाढ़ में एक मस्जिद बह जाने की कगार पर है. लेकिन बावजूद इसके, वहां अजान जारी है.
मिसाल के तौर पर एक यूजर ने लिखा, "असम में बाढ़ से मुतास्सिर एक मस्जिद से अजान की आवाजें बुलंद की जा रही हैं. बस नाम रहेगा अल्लाह का."
आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये किसी असल घटना का वीडियो नहीं है. इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के जरिए बनाया गया है
कैसे पता की सच्चाई?
वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये 20 जुलाई के एक इंस्टाग्राम पोस्ट में मिला. इस पोस्ट में ‘AI’ का लेबल लगा हुआ है. इसके साथ ही वीडियो के ऊपर गूगल Gemini का एक वाटरमार्क भी नजर आ रहा है. ये वाटरमार्क उन वीडियो या तस्वीरों पर लगा होता है, जिन्हें गूगल AI के जरिए बनाया या एडिट किया जाता है.
इसके बाद हमने गूगल AI से बनीं तस्वीरों और वीडियो को डिटेक्ट करने वाले टूल SynthID से इस वीडियो को टेस्ट किया. इस टूल ने भी बताया कि ये वीडियो गूगल AI की मदद से बनाया गया है.
साथ ही हमने इसे हाइव मॉडरेशन टूल से भी टेस्ट किया. इस टूल ने भी इस वीडियो के AI से बने होने की 99 फीसदी संभावना बताई.
ये बात सही है कि असम में बाढ़ की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है. लेकिन इस वीडियो का असम बाढ़ से कोई लेना-देना नहीं है.
ऋद्धीश दत्ता