फैक्ट चेक: बिहार में 8 साल की लड़की की शादी की कहानी है फर्जी, ये रहे सबूत

सोशल मीडिया पर एक लड़की की तस्वीर वायरल हो रही है और दावा किया जा रहा है कि इसकी उम्र 8 साल है और इसकी शादी हो चुकी है. लेकिन आधार कार्ड के मुताबिक, लड़की की उम्र 19 साल है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
बिहार के नवादा में एक गरीब मां-बाप ने अपनी 8 साल की बेटी की शादी 28 साल के शख्स से कर दी.
सच्चाई
जिस लड़की को 8 साल का बताकर तस्वीर वायरल की जा रही है, आधार कार्ड के अनुसार उसकी उम्र करीब 19 साल और लड़के की उम्र 26 साल है.

अनिल कुमार

  • नई दिल्ली,
  • 29 मई 2021,
  • अपडेटेड 10:06 AM IST

सोशल मीडिया पर एक लड़की की शादी की तस्वीर खूब वायरल हो रही है. कहा जा रहा है कि लड़की बिहार के नवादा जिले की है. उसकी उम्र आठ साल है और वह गरीब परिवार की है, इसलिए उसकी शादी 28 वर्ष के शख्स से करा दी गई.

एक यूजर ने इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए लिखा, "बिहार के नवादा की ये मार्मिक तस्वीर अपनी गरीबी को बता रही है अपनी मजबूरियों को बयां कर रही है कि वो हालात कैसे होंगे कि एक माँ बाप अपनी 8 साल की बेटी की शादी एक 28 साल के लड़के से किन परिस्थितियों में किये होंगे. आजादी के 70 साल बाद भी ऐसी तश्वीर मन को झकझोर कर रख दे रही है!"

Advertisement

इंडिया टुडे के एंटी फेक न्यूज वॉर रूम (AFWA) ने पाया कि यह पोस्ट भ्रामक और तथ्यहीन है. तस्वीर में दिख रही जिस लड़की की उम्र 8 साल बताई जा रही है, उसकी उम्र करीब 19 साल है और उसके पति की भी उम्र 26 साल है.

सोशल मीडिया पर ये तस्वीर वायरल होते ही लोगों ने इस पर प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी. शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा एवं लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती को टैग करते हुए लिखा कि यह हृदयविदारक है. नीतीश कुमार जी कृपया उचित कार्यवाही करें. रेखा शर्मा जी एवं मीसा भारती से निवेदन है कि कृपया लड़की की मदद करने और उसे बचाने के लिए हस्तक्षेप करें.

Advertisement

इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन  और  देखा जा सकता है.

इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरुप्रकाश ने भी  राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग से इस मामले मदद करने की गुहार लगाई. कुछ ही देर बाद राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियांक कानूनगो ने इसका संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी नवादा को  जवाब मांग लिया. उनके ट्वीट का आर्काइव्ड वर्जन  देखा जा सकता है.

कैसे पता की सच्चाई?

चूंकि वायरल तस्वीर बिहार के नवादा की बताई जा रही है, इसलिए हमने सबसे पहले नवादा के जिलाधिकारी यशपाल मीणा से बात की. उन्होंने बताया कि हमारी तफ्तीश में पता चला है कि यह बच्ची अपनी मां के साथ अपने नाना-नानी के घर जमुई के सिकंदरा थाना क्षेत्र में रहती है. उसके पिता काम के सिलसिले में बिहार से बाहर रहते हैं. नवादा के गांव मंजौर में लड़की का अपना घर है, लेकिन इनके परिवार का कोई भी सदस्य अब इस गांव में नहीं रहता है. ग्रामीणों के अनुसार लड़की बालिग है. हमने जिला प्रशासन जमुई को आगे की जांच के लिए कहा है. जमुई प्रशासन पता लगाएगा कि सच्चाई क्या है. अभी तक की जांच से पता चला है कि लड़की की शादी 1-2 माह पूर्व जमुई में ही हुई थी.

Advertisement

इसके बाद हमने लड़की के गांव में उसके पड़ोसियों से संपर्क किया. उन लोगों ने भी लड़की की उम्र 8 साल होने से इनकार करते हुए कहा कि वह लगभग 18-20 की है और इस लड़की की शादी लगभग 1 महीने पहले हुई है. गांव के लोगों ने बताया कि इनके घर पर काफी दिनों से ताला लगा हुआ है. जिन लोगों ने इस तरह का गलत मैसेज सोशल मीडिया पर फैलाया है, उन पर केस होना चाहिए.

नवादा के गांव मंजौर में ग्रामीणों से पूछताछ करती पुलिस

मंजौर गांव के लोगों से बात करके ये तो पता चला कि लड़की की उम्र 8 साल होने का दावा गलत है, लेकिन इसकी आधिकारिक तौर पर किसी ने पुष्टि नहीं की. इसके बाद हमने और पड़ताल के लिए जमुई के पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार मंडल और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ राकेश कुमार से बात की. उन्होंने बताया कि मामला हम लोगों के संज्ञान में है.  हमने जांच करवाया है. लड़की के नाना से बात हुई है और लड़की का आधार कार्ड भी मिला है जिससे यह पता चलता है कि लड़की बालिग है. उसकी उम्र 19 साल से ज्यादा है. उन्होंने लड़की का आधार कार्ड भी हमें भेजा. लड़की के आधार कार्ड पर उसकी जन्मतिथि 01-01-2002 दर्ज है.

Advertisement

इसी बीच मीसा भारती ने भी शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी के ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा- "पूछताछ की है, आधार कार्ड के साथ बताया गया है कि लड़की की उम्र 19 साल से ऊपर है."

अब तक आधिकारिक तौर पर यह साफ हो गया था कि लड़की बालिग है.  हमने और ज्यादा जानकारी के लिए लड़की और उसके परिवार से संपर्क करने की कोशिश की. हमारी बातचीत लड़की के पति शशिकांत शर्मा से हुई. उन्होंने बताया कि "मेरी उम्र 26 साल है.मेरा घर बिहार के शेखपुरा जिले के बरसा गांव में है और मेरी पत्नी तनु कुमारी 19 साल की है. उसकी उम्र आठ साल बताकर उसकी तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल की जा रही है. ये गलत है.

शशिकांत ने हमें एक वीडियो भी भेजा जिसमें वे दोनों मौजूद हैं. तनु कुमारी इस वीडियो में कह रही हैं कि शशिकांत शर्मा से मेरी शादी 26-04-2021 को लखीसराय जिले प्रसिद्ध अशोक धाम शिव मंदिर में दोनों परिवारों की मौजदूगी में हुई थी. हम दोनों बहुत खुश हैं. मेरी शादी दोनों परिवार के सहमति से हुई है. मेरी जन्मतिथि 01-01-2002 है. गलत वीडियो को वायरल मत कीजिए."

Advertisement
लड़की और लड़के की शुक्रवार की तस्वीर

इसके बाद तनु कुमारी के पति शशिकांत ने 26-04-2021 को हुई शादी के समय की कुछ तस्वीरें और वीडियो भेजे.

पड़ताल से ये साबित हो जाता है कि जिस लड़की की उम्र 8 साल बताकर तस्वीर वायरल की गई, उसकी उम्र लगभग 19 साल है और लड़के की उम्र 26 साल है. वायरल हो रहा दावा बे​बुनियाद है.

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »