इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं. नेटफ्लिक्स ने नए शो 'लॉक अप: सच या सजा' का टीजर आउट कर दिया गया है. शो की पहली झलक ने फैन्स का एक्साइटमेंट लेवल हाई कर दिया है. लॉक अप के टीजर में फिल्म प्रोड्यूसर और कोरियोग्राफर फराह खान और एक्टर रितेश देशमुख जेल के अंदर नजर आ रहे हैं. दोनों को जेल की सलाखों के पीछे देखकर फैन्स के मन में कई सवाल उठ रहे हैं.
कंगना को किया रिप्लेस
लॉक अप का पहला सीजन हिट रहा था. फैन्स बेसब्री से इसके दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे थे. 4 साल के लंबे इंतजार के बाद मेकर्स इसका दूसरा सीजन ला रहे हैं. इस सीजन कौन से कंटेस्टेंट्स शो का हिस्सा बनेंगे, इस बारे में जानकारी सामने नहीं आई है. पर शो के होस्ट का खुलासा हो चुका है. अटकलें हैं लॉक अप का दूसरा सीजन कंगना रनौत नहीं, बल्कि फराह खान और एक्टर रितेश देशमुख होस्ट करेंगे.
शो के टीजर में फराह और रितेश दोनों जेल के अंदर दिखाई दे रहे हैं. फराह और रितेश एक-दूसरे को तेवर दिखाते भी नजर आए. टशन दिखाने के बाद फराह और रितेश सस्पेंस भरी मुस्कान छोड़ते हैं. वीडियो के आखिर में 'टू बी कंटिन्यू' लिखा आता है. नेटफ्लिक्स के इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया कि दो खास मेहमान, एक लॉकअप. 'लॉक अप-सच या सजा' 27 जून से शनिवार से बुधवार तक रात 8 बजे प्रसारित होगा.
इस नए सीजन से लोगों की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं. कमेंट सेक्शन में फैन्स शो को लेकर एक्साइटमेंट दिखा रहे हैं. फैन्स का कहना है कि नया सीजन कुछ नया लेकर आएगा. फराह और रितेश को साथ देखना मजेदार होगा. वहीं कुछ लोग पहले सीजन की होस्ट कंगना रनौत को मिस कर रहे हैं. 2022 में आए लॉक अप के पहले सीजन ने दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी. जेल की थीम पर आधारित इस रियलिटी शो ने कच्चा बादाम गर्ल अंजलि अरोड़ा जैसे लोगों को सेलिब्रिटी बना दिया.
देखना होगा कि फराह और रितेश की जोड़ी फैन्स का दिल जीत पाती है या नहीं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क