बिग बॉस के इस वीकेंड का वार एपिसोड में एक ऐसी घटना हुई जिसने पूरी सोशल मीडिया को हिलाकर रख दिया. पंजाब की जानी मानी एक्ट्रेस लव गिल के गेमर स्काउट ओपी उर्फ तन्मय संग भाई-बहन के रिश्ते पर उंगली उठाई गई. उनके हद से ज्यादा कोजी होने पर उन्हें समझाया गया. लेकिन इसी बीच स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी हीरानंदानी ने उन्हें कंफ्रंट करते हुए खूब खरीखोटी सुनाई. उन्होंने यहां तक कह दिया कि लव ने स्काउट को अपने जाल में फंसाया.
लव गिल को रोहित शेट्टी से भी मसाज कराने को लेकर डांट खानी पड़ी. उन्होंने समझाते हुए कहा कि इस शो को 10 करोड़ जनता देखती है. सिर्फ आपके फोलोअर्स नहीं हैं जो इस शो को देखते हों. सभी अपनी राय बनाते हैं. इन सभी बातों ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया. एक्ट्रेस बाद में भी उसी बेंच पर बैठी रहीं, और चुपचाप रोती रहीं.
प्रोमो सामने आया जहां दिखाई दिया कि लव पर इन बातों का कितना गहरा असर पड़ा है. वो डिप्रेस्ड होकर फूट-फूटकर रोती दिखीं. उनके मुताबिक सरेआम उनके कैरेक्टर की धज्जियां उड़ाई गई हैं.
लव पर उठी उंगली, टूटा दिल
वो स्काउट से इस बात पर शिकायत करती दिखीं. लव ने कहा- मैं तो किसी को मुंह दिखाने लायक भी नहीं रही. मेरे कैरेक्टर की तूने धज्जियां उड़ा दी. बाहर जाकर लोग क्या बोलेंगे मेरे बारे में...जो भी चीजें हुई हैं वो सोशल मीडिया से मिटेंगी नहीं. तुमने मेरा पूरा करियर खराब कर दिया है. अपने दिल की बातें बयां कर लव खूब रोती दिखती हैं.
मालूम हो कि काशवी ने लव को तो लताड़ा ही साथ ही स्काउट को भी सीधे-सीधे अपनी इज्जत बचाने की वॉर्निंग दे डाली है. वो जाते-जाते ये भी हिंट देती हुई गई हैं कि अगर उन्होंने अपनी हरकतें ठीक नहीं कीं तो ये रिश्ता टूट जाएगा. काशवी ने कहा था कि तन्मय उनके साथ तब खड़े रहे जब कोई नहीं था. उनकी बीमारी में भी गेमर ने उनका साथ नहीं छोड़ा, लेकिन अब घर के अंदर हो रही हरकतें उनके काबू में नहीं हैं. इसे संभालना उनके लिए मुश्किल हो रहा है.
हालांकि लव और स्काउट दोनों को ही आम्रपाली और यंग डीएसए जहां समझाते और साथ दिखे. वहीं सभी घरवाले भी इसी बात की चर्चा करते दिखे कि जो हुआ वो शायद जरूरी था.
अब देखना होगा कि भाई-बहन और दोस्ती का ये रिश्ता इसके बाद किस नए एंगल पर मुड़ता दिखता है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क