टीवी एक्ट्रेस पवित्रा पुनिया किसी न किसी वजह से चर्चा में बनी रहती हैं. पहले उन्हें दूसरे धर्म के बॉयफ्रेंड संग रिश्ते पर ट्रोल किया जाता था. अब कई लोग उनके लुक्स पर कमेंट करते हैं. कइयों का दावा है कि पवित्रा ने सर्जरी से अपना लुक बदला है. इस बारे में पवित्रा भी चुप नहीं रहीं. उन्होंने हेटर्स को करारा जवाब दिया है.
पवित्रा ने हेटर्स की लगाई लताड़
बॉम्बे टाइम्स संग बातचीत में पवित्रा ने ऑनलाइन ट्रोलिंग के बढ़ते कल्चर पर अपना गुस्सा जाहिर किया है. उन्होंने कहा कि लोगों को अपने चेहरे के साथ क्या कराना है ये उनकी पर्सनल चॉइस है. इसमें किसी को बोलने का कोई हक नहीं है.
पवित्रा ने कहा कि कॉस्मेटिक सर्जरी को लेकर स्टार्स को जिस तरह ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है, उसके खिलाफ बोलना जरूरी है. उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा- सेलिब्रिटीज को आए दिन ट्रोल किया जाता है. हमें हर दूसरे दिन भद्दे कमेंट्स सुनने को मिलते हैं. यही वजह है कि मैं अब इस बारे में खुलकर बोल रही हूं.
पवित्रा ने आगे कहा- मैं हमेशा से अपनी बात खुलकर रखती आई हूं, इसलिए मैं चुपचाप बैठकर लोगों के जो मन में आए उन्हें वो बोलने नहीं दूंगी... मेरे लिए चीजें ऐसे काम नहीं करतीं. यह हमारा पैसा है, हमारी जिंदगी है. अगर कोई सर्जरी सक्सेसफुल नहीं होती है, तो उसका अच्छा या बुरा नतीजा भी हम भुगत लेंगे, लेकिन इससे किसी और को कोई मतलब नहीं होना चाहिए.
पवित्रा ने कराई लिप्स सर्जरी
पवित्रा ने आगे कहा कि कॉस्मेटिक सर्जरी कोई नई या अनोखी बात नहीं है. एक्ट्रेस बोलीं- हर किसी को अपने नैन-नक्श या अपने शरीर को बेहतर बनाने का पूरा अधिकार है. इसमें किसी और की राय की कोई जगह नहीं होनी चाहिए.
एक्ट्रेस बोलीं- मैंने हमेशा खुलकर कहा है कि मेरे लिप्स एन्हांस्ड (सर्जरी की मदद से बेहतर हुए) हैं. मैं उन लोगों में से नहीं हूं, जो इसे एक्सेप्ट करने से कतराते हैं. मुझे लगता है कि अब समय आ गया है कि सेलिब्रिटीज इस बारे में खुलकर बात करनी चाहिए, ताकि लोगों को हमें ट्रोल करने का मौका ही न मिले.
40 साल की पवित्रा पुनिया टीवी टाउन की फेमस एक्ट्रेस हैं. वो 'ये हैं मोहब्बतें', 'कवच', 'नागिन 3', 'डायन' जैसे शोज में नजर आ चुकी हैं. बिग बॉस 14 में भी पवित्रा को देखा गया था. शो में उनकी एक्टर एजाज खान संग नजदीकियां बढ़ गई थीं. लेकिन बाद में दोनों का ब्रेकअप हो गया था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क