मलयालम सिनेमा की स्टार एक्ट्रेस, टीवी होस्ट और अब यूट्यूबर बनीं पर्ल मैनी इस समय बड़े विवाद में फंस चुकी हैं. उन्हें अपने एक बयान के कारण सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोलिंग और नफरत का सामना करना पड़ा है. पर्ल ने स्टूडेंट प्रोटेस्ट पर एक पोस्ट की थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स लगातार गिरते नजर आए.
मुसीबत में फंसी पर्ल मैनी
दरअसल पर्ल मैनी ने 24 जुलाई को स्टूडेंट प्रोटेस्ट पर लंबा-चौड़ा नोट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने इस आंदोलन पर चिंता जाहिर की थी. पर्ल ने लिखा था कि इस आंदोलन में स्टूडेंट्स के साथ हुई हिंसा गलत है. उनकी जो मांग है, वो पूरी तरह जायज थी. एक्ट्रेस ने सभी बच्चों से अपील भी की थी कि वो इस आंदोलन को छोड़कर अपने घर चले जाएं क्योंकि खुद को इसमें नुकसान पहुंचाने का कोई फायदा नहीं है. उनके मुताबिक, कोई भी मकसद किसी की जान से बढ़कर नहीं होता.
इस पोस्ट के बाद पर्ल मैनी ने अपने कमेंट सेक्शन में कई तरह की बातें सुनी. कुछ लोग एक्ट्रेस के बयान से खुश नहीं थे क्योंकि उनके मुताबिक, पर्ल स्टूडेंट प्रोटेस्ट की गंभीरता को नहीं समझ सकीं. कई लोगों ने तो उनकी बोलने की आजादी पर सवाल उठाए, जिसके बाद पर्ल को अपनी पोस्ट के कैप्शन में भी लिखना पड़ा- कमेंट सेक्शन मेरी बोलने की आजादी का प्रतिबिंब है.
पर्ल ने अपनी इस एक पोस्ट की वजह से करीब 3 लाख फॉलोअर्स भी खो दिए हैं. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट अनुसार, साउथ एक्ट्रेस के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या विवादित पोस्ट से पहले 5.7 मिलियन थी, जो अब घटकर 5.3 मिलियन हो चुकी है. फेसबुक और यूट्यूब पर भी पर्ल ने बड़े पैमाने पर फॉलोअर्स गंवाए हैं.
फिल्ममेकर से लिए पंगे
इस विवादित पोस्ट के बाद, पर्ल मैनी एक और चीज के कारण सुर्खियों में आई थीं. उन्होंने अपने बयान पर हुई आलोचना पर नाराजगी जताई. साउथ एक्ट्रेस ने इसमें एक फिल्ममेकर सिबि मलाइल का नाम भी लिया, जिन्हें उन्होंने एक हारा हुआ फिल्ममेकर कहा. उनके बयान से फिल्ममेकर का बेटा बेहद नाराज भी हुआ था. उन्होंने पर्ल मैनी को उनके बयान के लिए जमकर फटकारा भी था.
बता दें कि पर्ल मैनी ने बॉलीवुड की फिल्म लूडो में काम किया हुआ है, जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी. इसे अनुराग बसु ने डायरेक्ट किया था, जिसमें अभिषेक बच्चन, राजकुमार राव, आदित्य रॉय कपूर, फातिमा सना शेख, सानिया मल्होत्रा और रोहित सराफ जैसे जाने-माने सितारे शामिल थे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क