साउथ सिनेमा की स्टार और नेशनल 'क्रश' रश्मिका मंदाना इन दिनों दर्द का सामना कर रही हैं. कुछ दिनों पहले वो अपनी अपकमिंग फिल्म मायसा की शूटिंग के दौरान बुरी तरह घायल हो गई थीं. उनके हिप टेंडर पैरों से अलग हो गए थे. रश्मिका को ये चोट फिल्म के डांस सीक्वेंस के दौरान आई थी. इसे खुद एक्ट्रेस ने भी कंफर्म किया है.
रश्मिका ने कई दिनों के बाद इंस्टाग्राम पर फैंस के नाम एक पोस्ट की, जो उनकी हेल्थ अपडेट से जुड़ी थी. इसमें उन्होंने बताया कि वो कितने दर्द में हैं और अब चोट से किस तरह उबरने की कोशिश कर रही हैं.
रश्मिका की हुई हिप सर्जरी
रश्मिका मंदाना ने लिखा- चोट लगना सच में बहुत बुरा होता है. मैं तो यही चाहती थी कि किसी को इसके बारे में पता ना चले, लेकिन अब बात सबके सामने आ ही गई. सॉरी, मैं पिछले कुछ समय से गायब थी. लेकिन अब मैं वापस आ गई हूं. ये चोट कुछ समय पहले लगी थी और लगातार ये मेरी तीसरी चोट है. लगता है अब मुझे अपने शरीर को मशीन नहीं, बल्कि इंसानी शरीर समझकर उसका थोड़ा ज्यादा ध्यान रखना चाहिए.
'अब आपको आसान भाषा में बताती हूं कि हुआ क्या. हमारी हिप के दोनों तरफ 4-4 टेंडन होती हैं, जो हिप को पैरों से जोड़ती हैं. मेरी राइट हिप का एक टेंडन अपनी जगह से अलग हो गया है. अब उसके दोबारा जुड़ने के बाद ही मैं अपना पैर ठीक से उठा पाऊंगी और पहले की तरह चल-फिर पाऊंगी. ये सब मेरी फिल्म मायसा की डांस शूटिंग के दौरान हुआ. सच कहूं तो ये अब तक की मेरी सबसे ज्यादा मेहनत वाली और एक्शन से भरपूर फिल्म रही है.'
साउथ एक्ट्रेस को है एक चिंता
हालांकि रश्मिका ने अपने फैंस को भरोसा दिलाया है कि उन्हें इतनी गंभीर चोट के बावजूद उतना दर्द नहीं कि वो उसे सहन ना कर सकें. एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने कभी खुद से आराम करने का नहीं सोचा, इसलिए भगवान ने उन्हें जबरदस्ती आराम दे दिया. रश्मिका ने आगे कहा- वैसे मेरी जितनी भी चोटें लगी हैं, वो सब अजीबोगरीब हादसों की वजह से लगी हैं. सोचती हूं, आखिर ऐसा बार-बार होने की संभावना कितनी होती है.
'फिलहाल तो जबरदस्ती की छुट्टी मिल गई है. लेकिन कोई शिकायत नहीं है. इन दिनों मैं खूब पजल्स सॉल्व कर रही हूं. मुझे खुद नहीं पता था कि मैं इसमें इतनी अच्छी हूं. सबसे बड़ी टेंशन ये है कि कहीं मेरा वजन ना बढ़ जाए. मैं रोज खूब वर्कआउट करती हूं और दौड़ती भी हूं, इसलिए खुद को फिट रख पाती हूं. लेकिन अब कुछ समय तक ना वर्कआउट कर पाऊंगी और ना ही दौड़ सकूंगी. और अगर मैं वर्कआउट नहीं करती, तो बस खाने का मन करता है... खासकर मीठा. लगता है अब मैं पूरी की पूरी डेजर्ट मॉन्स्टर बनने वाली हूं.'
रश्मिका के वर्क फ्रंट की बात करें, तो वो आखिरी बार कॉकटेल 2 में दिखी थीं जो बॉक्स ऑफिस पर एवरेज साबित हुई थी. अब वो जल्द अपने पति विजय देवरकोंडा के साथ रणबाली में नजर आएंगी, जो सितंबर में रिलीज होगी. शादी के बाद, रश्मिका और विजय पहली बार इस फिल्म में काम कर रहे हैं, जिसके लिए उनके फैंस बेहद एक्साइटेड हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क