रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है. लेकिन फिल्म में मोहनलाल के एक सीन को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. ऐसे में फिल्म में मोहनलाल के बॉडी डबल के तौर पर काम करने वाले जोबी कोडाकारा ने रिएक्ट किया है.
जोबी ने उन दावों खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि फिल्म के क्लाइमैक्स में उनका चेहरा इस्तेमाल किया गया है. उनका कहना है कि फिल्म में केवल उनके हाथ और पैर के कुछ हिस्से ही नजर आए हैं. जोबी ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि फिल्म में उनके केवल कुछ शॉट्स ही शामिल किए हैं और उनका चेहरा नहीं दिखाया गया है.
उन्होंने साफ कहा कि पूरी फिल्म में कहीं भी उनका चेहरा नहीं दिखाया गया है. जोबी ने कहा, 'फिल्म में मेरे केवल एक या दो ही शॉट्स लिए गए हैं. एयरपोर्ट सीन में गाड़ी चलाते समय, गियर बदलने और एक्सीलेटर दबाने वाले शॉट्स में ही मेरे हाथ-पैर दिखाए गए हैं. फिल्म में बस मेरा इतना ही सीन है. मोहनलाल दुनिया के बेहतरीन एक्टर्स में से एक हैं, इसलिए शायद शेड्यूलिंग या समय की कमी की वजह से मेरा इस्तेमाल किया गया है. फिल्म में मेरा चेहरा कही भी नहीं दिखाया गया है. जिस चेहरे के बारे में लोग दावा कर रहे हैं कि क्लाइमैक्स में उसका इस्तेमाल किया गया था, वह मेरा नहीं है.'
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे इस बात पर पूरा यकीन है. अगर कोई बॉडी डबल है तो कोई भी डायरेक्टर उनके चेहरे का क्लोज अप शूट नहीं करेगा. अगर मेरी गलती के बारे में आप मुझसे पूछे तो वह थी फिल्म के सेट पर ली गई फोटो पोस्ट करना.'
बता दें कि 'जेलर 2' फिल्म रिलीज होने के बाद से मोहनलाल के सीन को लेकर विवाद तेज हो गया था. हालांकि इस पूरे विवाद की शुरुआत तब और तेज हो गई जब जोबी ने फिल्म की रिलीज के दिन सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की. उनकी तस्वीरे सामने आने के बाद लोगों ने कयास लगाना शुरू कर दिया कि फिल्म के कुछ हिस्सों में मोहनलाल की जगह उनके बॉडी डबल को दिखाया गया है. सोशल मीडिया पर इसको लेकर चर्चा तेज हो गई और उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. इंटरव्यू में उन्हें इस बात को स्वीकार किया की तस्वीर शेयर करना उनकी बहुत बड़ी गलती थी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क