मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचकर अटके विजय! गवर्नर ने फ‍िर लौटाया, भड़के प्रकाश राज-कमल हासन

तमिलनाडु चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी विजय की TVK अभी भी सरकार बनाने से दूर है. बहुमत से कुछ सीटें कम होने की वजह से गवर्नर ने उन्हें सरकार बनाने का न्यौता नहीं दिया, जिसके बाद कमल हासन और प्रकाश राज जैसे बड़े सितारों ने खुलकर विजय का समर्थन किया है.

Advertisement
थलपति विजय के सपोर्ट में आए कमल हासन, प्रकाश राज (Photo: ITG) थलपति विजय के सपोर्ट में आए कमल हासन, प्रकाश राज (Photo: ITG)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 07 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:12 PM IST

सुपरस्टार विजय की तमिलनाडु में शानदार जीत के बाद से ही जनता उन्हें मुख्यमंत्री की शपथ लेते हुए देखने का इंतजार कर रही है. लेकिन तमिलनाडु की 233 सीटों में से सबसे ज्यादा 108 सीटें जीतने के बावजूद विजय अभी भी मुख्यमंत्री की कुर्सी से दूर हैं. सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए तमिलनाडु में 118 सीटों की जरूरत होती है. बुधवार को विजय ने दावा पेश किया तो गवर्नर ने उन्हें सीटें कम होने की बात कहकर लौटा दिया, गुरुवार भी विजय को दोबारा लौटा दिया. तमिलनाडु में राजनीतिक गठबंधन का गुणा-गणित बड़ी तेजी से चल रहा है.

Advertisement

एक बार तो ये भी खबर आई कि विजय ने जिन दो बड़ी पार्टियों DMK और AIADMK को तमिलनाडु में हराया है, वो साथ मिलकर सरकार बनाने के ऑप्शन पर विचार कर रही हैं. हालांकि अब ऐसा कुछ होने के चांस लगभग खत्म हो गए हैं. मगर विजय के शपथ लेने में हो रही देरी की वजह से कमल हासन और प्रकाश राज जैसे बड़े नामों ने तमिलनाडु के गवर्नर की भूमिका पर सवाल उठाया है.

तमिलनाडु के गवर्नर पर भड़के प्रकाश राज
साउथ के बड़े एक्टर्स में से एक प्रकाश राज ने सोशल मीडिया पोस्ट में विजय के साथ हो रही पॉलिटिक्स को लेकर तमिलनाडु के गवर्नर पर सवाल उठाया. उन्होंने लिखा, 'हम में आपसी मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जनादेश विजय के साथ है. उन्हें विधानसभा में खड़े होकर अपना दावा पेश करने का अधिकार है.'

Advertisement

इंडिया टुडे से बात करते हुए प्रकाश ने कहा, 'उनके साथ दुर्व्यवहार कर रहे गवर्नर को चाहिए कि उन्हें सरकार बनाने की इजाजत दें. सच्चाई का फैसला गवर्नर के घर पर नहीं हो सकता, विधानसभा में होता है. वो ऐसा क्यों कर रहे हैं, इस समय लंबी छुट्टी पर कैसे जा सकते हैं? किसी और ने सरकार बनाने का दावा नहीं किया है. विजय के पास आंकड़े हैं. वो कह रहे हैं कि मैं बहुमत साबित कर सकता हूं. उन्हें विधानसभा में मौका मिलना चाहिए, लेकिन उन्हें मौका दिया नहीं जा रहा. उन्हें जनादेश के बावजूद उनका लोकतांत्रिक अधिकार क्यों नहीं दिया जा रहा?'

कमल हासन ने याद दिलाया नियम
तमिल सिनेमा के आइकॉन कमल हासन ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में विजय के साथ हो रही राजनीति पर सवाल उठाया. उन्होंने विजय जैसे मामलों के लिए उदाहरण बनने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी जिक्र किया. कमल ने लिखा कि '108 सीटें जीतने वाले विजय को सरकार बनाने का न्यौता न देना तमिलनाडु की जनता के जनादेश का अपमान है.'

उन्होंने आगे कहा, 'एस आर बोम्मई केस में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट कहा है— बहुमत विधानसभा में साबित किया जाता है, राज भवन में नहीं. मैं पार्टी पॉलिटिक्स की नहीं, एक भारतीय नागरिक के लिए बनी नीतियों की बात कर रहा हूं. तमिलनाडु की जनता के फैसले का सम्मान होना चाहिए.'

Advertisement

तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK ने 108 सीटें जीती हैं. इसमें वो दोनों सीटें भी शामिल हैं जहां विजय ने चुनाव जीता है. उन्हें एक सीट छोड़नी होगी, इसलिए उनकी पार्टी के पास सरकार बनाने के लिए 107 सीटें हैं. कांग्रेस ने अपनी 5 सीटों के साथ विजय को समर्थन दिया है, यानी उनके खाते में 112 सीटें हैं. बाकी 6 सीटों के लिए ही तमिलनाडु में राजनीति के समीकरण बिठाए जा रहे हैं. इस बीच विजय को चुनने वाली जनता और बड़े सेलेब्रिटी इस पूरे मामले पर सवाल उठाने लगे हैं. नजरें इस बात पर लगी हैं कि विजय को गवर्नर से कब सरकार बनाने के लिए हरी झंडी मिलेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement