तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी.जोसेफ विजय पर हाल ही में कुछ गंभीर आरोप लगाए गए हैं. बिग बॉस तमिल में नजर आईं एक्ट्रेस जूली जिन्हें मारिया जूलियाना के नाम से भी जाना जाता है, उनका दावा है कि थलपति विजय की पोलिटिकल पार्टी TVK की वजह से उन्होंने अपना बच्चा खोया. सोशल मीडिया पर उन्हें इस तरह ट्रोल किया गया कि उन्हें मेंटल स्ट्रेस हुआ जिसके बाद उनका मिसकैरेज हो गया.
जूली ने इमोशनल होते हुए चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कई सारे खुलासे और हैरान करने वाले दावे किए. उन्होंने बताया कि मार्च महीने में उन्होंने ट्रोलिंग के मामले में पुलिस के पास शिकायत की थी. उन्होंने 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया. एक्ट्रेस ने बताया कि उन्हें एक नोटिस मिला जिसमें लिखा था कि ये मानहानि का केस है, क्रिमिनल नहीं.
विजय की पार्टी ने दिया ट्रॉमा!
जूली ने ये भी कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि DMK की सरकार से TVK की सरकार बनने के बाद ये नोटिस उन्हें क्यों भेजा गया. उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद उनके खिलाफ 15 लाख रुपये के किडनी घोटाले के आरोप लगा दिए गए. जूली ने कहा- उन्होंने (TVK) इसकी पूरी कहानी, स्क्रीनप्ले, डायरेक्शन और नैरेशन तैयार कर लिया था. इसके पीछे एक TVK समर्थक और एक वकील हैं. हमने अपना बच्चा खो दिया.
'मेरी अभी-अभी शादी हुई थी और हमारा पहला बच्चा चला गया. ऑनलाइन हैरेसमेंट और मानसिक तनाव की वजह से मेरा बच्चा मर गया. मैं इस बात को सहानुभूति पाने के लिए इस्तेमाल कर सकती हूं, लेकिन मेरा मुद्दा ये है कि मेरे पति और मेरे बारे में बहुत गंदी और झूठी बातें की जा रही हैं. सिर्फ इसलिए कि एक औरत TVK के बारे में बोल रही है, उसके नाम को बिना किसी शर्म के खराब कर दिया जाता है. अब मेरे पास कहने को कुछ नहीं बचा.
एक्ट्रेस ने खोया अपना बच्चा
जूली ने आगे कहा, 'लोग कहते हैं कि विजय अन्ना इंस्टाग्राम से मुख्यमंत्री बन गए. अपने लोगों के खिलाफ बोलने वालों पर हमला करवाने की बजाय, क्या उन्हें जनता के लिए कुछ करना नहीं चाहिए? मैंने DMK के समय शिकायत की थी, लेकिन चुनाव के दौरान. अब नई सरकार आई है, तो क्या उन्हें जिम्मेदारी नहीं लेनी चाहिए?'
एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा क्योंकि जिन 8 लोगों के खिलाफ उन्होंने शिकायत की है, वो सब TVK सपोर्ट्स हैं. जूली ने रोते हुए कहा, 'मेरा बच्चा खोने के लिए विजय अन्ना जिम्मेदार हैं. उन्होंने सीधे तो कुछ नहीं किया, लेकिन अगर उन्होंने एक बार भी बोल दिया होता कि इन लोगों को पीछे हटाओ, तो आज मुझे ये सब नहीं झेलना पड़ता.'
जब रिपोर्टर्स ने उनसे पूछा कि वो TVK समर्थकों और विजय को छिपे हुए अकाउंट्स से कैसे जोड़ रही हैं? DMK की सरकार में क्यों नहीं बोलीं? तब जूली ने जवाब दिया, 'मैं इसलिए बोल रही हूं क्योंकि यह सब मेरे साथ अब हुआ है.' बता दें कि जूली, सीएम विजय की विरोधी पार्टी DMK की सपोर्टर रही हैं. तमिलनाडु में चुनाव के दौरान उन्होंने खुलेआम विजय की पार्टी के विरोध प्रदर्शन किया और रैली के दौरान बयान भी दिए थे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क