तेलुगू सुपरस्टार राम चरण ने बीते रविवार अपने फैंस को एक शानदार सरप्राइज देने का प्लान बनाया. वो अपनी नई फिल्म पेद्दी देखने के लिए अचानक थिएटर में घुस गए, जहां उनके साथ फिल्म के डायरेक्टर बुची बाबू सन और प्रोड्यूसर भी थे. राम चरण ने अपने फैंस के साथ मिलकर पूरी फिल्म को एंजॉय किया.
राम चरण का सरप्राइज
राम चरण ने अपनी फिल्म हैदराबाद के PCX स्क्रीन पर देखी, जो वहां का सबसे बड़ा थिएटर है. उनकी सरप्राइज विजिट के कई वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हैं, जिसमें हम एक्टर को सिनेमालवर्स के साथ मिलकर पेद्दी देखते हुए देख सकते हैं. फैंस भी फिल्म छोड़कर राम चरण को देखने और उन्हें कैमरा में शूट करने लगे.
लेकिन जब फिल्म खत्म हुई, तो थिएटर के बाहर हजारों की संख्या में फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी. इतने लोगों को थिएटर के बाहर देखकर थोड़े समय के लिए राम चरण भी हैरान हुए. फिर उन्होंने सभी का धन्यवाद किया, जो उन्हें मिलने आए थे. इस दौरान इतनी भीड़ इकट्ठा हो गई कि वहां थोड़े समय के लिए धक्का-मुक्की भी शुरू हो गई.
थिएटर के बाहर जमा हो गई भीड़
राम चरण को फैंस की भीड़ से बचाने के लिए उनके बॉडीगार्ड जद्दोजहद करते नजर आए. डायरेक्टर बुची बाबू सन भी एक्टर के लिए जगह बना रहे थे, ताकि वो भीड़ से आराम से निकलकर जा सकें. लेकिन हालात संभल नहीं पा रहे थे. थिएटर के बाहर इतनी भीड़ जमा हो गई कि वहां मौजूद लोग एक-दूसरे के बीच दबने लगे. इस दौरान एक छोटी बच्ची भी भीड़ में अपने परिवार से बिछड़कर गुम हो गई थी.
मगर राम चरण ने उसे भी अपने परिवार से मिला दिया. एक्टर और उनकी सिक्योरिटी ने छोटी बच्ची को भीड़ से सुरक्षित निकालकर उसके पिता को सौंपा. सोशल मीडिया पर राम चरण के इस स्वभाव की काफी तारीफ भी हुई है. लोग उन्हें सच्ची का सुपरस्टार कह रहे हैं, जो अपने फैंस का ख्याल रखते हैं.
बात करें राम चरण की फिल्म पेद्दी की, तो ये बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक कलेक्शन कर चुकी है. चार दिनों में इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 250 करोड़ रुपये पार पहुंच चुका है. फिलहाल फिल्म को लेकर विवाद भी गरमाया हुआ है. बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर को ओवर-सेक्शुअलाइज तरीके से दिखाने पर मेकर्स सवालों के कटघरे में हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क