'मैं बेहद हैरान था', विजय के CM बनने पर रजनीकांत ने तोड़ी चुप्पी, प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी सफाई

तमिलनाडु चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से ही यह अफवाहें चल रही हैं कि सुपरस्टार रजनीकांत खुश नहीं हैं. इस स्टार ने अब इन सभी बातों पर सफाई दी है. जानिए क्या कुछ कहा.

Advertisement
विजय पर बोले रजनीकांत (Photo: ITG) विजय पर बोले रजनीकांत (Photo: ITG)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 17 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:28 PM IST

तमिल सिनेमा के महानायक रजनीकांत ने रविवार सुबह चेन्नई के पोएस गार्डन स्थित अपने आवास पर एक अचानक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई. तमिलनाडु चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही रजनीकांत की चुप्पी को लेकर मीडिया और राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे. जिसका जवाब सुपरस्टार ने खुद दिया है.

दरअसल इन चुनावों में साउथ के एक और बड़े स्टार सी. जोसेफ विजय की पार्टी 'तमिलगा वेट्री कझगम' (TVK) को ऐतिहासिक जीत मिली है. रजनीकांत की खामोशी को देखकर कुछ लोगों का दावा था कि वह इन चुनावी नतीजों से खुश नहीं हैं, तो वहीं कुछ लोग यह अफवाह उड़ा रहे थे कि वे पार्टियों का विलय (Merger) करने की कोशिश में जुटे हैं. अब इन तमाम अटकलों और आलोचनाओं पर खुद थलाइवा ने सामने आकर बेहद कड़े शब्दों में अपनी बात रखी है.

Advertisement

एमके स्टालिन से मुलाकात पर दी सफाई
प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत करते हुए रजनीकांत ने साफ कहा कि अगर वह आज चुप रह जाते, तो झूठ को ही सच मान लिया जाता. उन्होंने कहा, 'मैं यह प्रेस मीट इसलिए कर रहा हूं क्योंकि चुनावों को लेकर मेरे बारे में सोशल मीडिया और मीडिया में कई तरह की मनगढ़ंत बातें कही जा रही हैं. चुनाव नतीजों के आने के बाद मैं एम.के. स्टालिन से मिलने गया था, जिसे बेवजह आलोचना का विषय बना दिया गया. लोगों को समझना होगा कि हमारी दोस्ती राजनीति के दायरे से बहुत ऊपर है. मुझे व्यक्तिगत रूप से इस बात का बेहद दुख हुआ कि एम.के. स्टालिन कुलाथुर सीट से चुनाव हार गए. रजनी कोई इतना सस्ता या घटिया दर्जे का इंसान नहीं है जो किसी भी बात पर राजनीति करे या बेवजह की बातें बनाए. जैसे ही मुख्यमंत्री ने जीत दर्ज की, मैंने तुरंत उन्हें बधाई दी थी.'

Advertisement

विजय की ऐतिहासिक जीत पर क्या बोले थलाइवा?
सुपरस्टार विजय के राजनीति में आने और सीधे मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने को लेकर भी रजनीकांत ने दिल खोलकर बात की. उन्होंने कहा, 'जब मैंने पहली बार सुना कि विजय मुख्यमंत्री बन गए हैं, तो मुझे सचमुच बहुत हैरानी हुई. मैं अब राजनीति में नहीं हूं और मुझे सियासत से दूर हुए एक लंबा अरसा बीत चुका है. विजय और मेरे बीच उम्र का करीब 28 साल का फासला है. तमिलनाडु की धरती पर विजय ने सूबे की दो सबसे बड़ी और स्थापित पार्टियों के खिलाफ अकेले खड़े होकर चुनाव जीता है और अपनी यह पहचान खुद के दम पर बनाई है, जो काबिल-ए-तारीफ है.'

जब रजनीकांत ने विजय के लिए ट्वीट किया
वहीं जब विजय की आखिरी फिल्म, 'जन नायक', 9 अप्रैल को HD प्रिंट में ऑनलाइन लीक हो गई, तो रजनीकांत ने 10 अप्रैल को इसकी निंदा करते हुए लिखा, 'किसी द्वारा 'जन नायक' फिल्म को ऑनलाइन रिलीज करना चौंकाने वाला और दुखद है. फिल्म दिखाने वाली संस्थाओं को इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए और सरकार को इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करके उन्हें कड़ी सजा देनी चाहिए. भविष्य में ऐसे अपराध नहीं होने चाहिए.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement