पाकिस्तानी सिनेमा की सबसे बड़ी सुपरस्टार्स में से एक और भारत में भी अपनी खास पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस माहिरा खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी कोई नई पाकिस्तानी फिल्म या ड्रामा नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा को लेकर दिया गया उनका एक बड़ा बयान है.
दरअसल लंदन के आलीशान होटल 'द पेनिनसुला लंदन' में आयोजित प्रतिष्ठित 'ब्रिटिश एशियन ट्रस्ट' के सालाना डिनर और रिसेप्शन इवेंट में माहिरा खान ने शिरकत की. इस हाई-प्रोफाइल इवेंट के दौरान माहिरा ने इंटरनेशनल मीडिया के सामने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री, खासकर साउथ के मलयालम सिनेमा की जमकर तारीफ की. सोशल मीडिया पर माहिरा खान का यह इंटरव्यू वीडियो आते ही वायरल हो गया है और फैंस उनके इस बेबाक अंदाज को बेहद पसंद कर रहे हैं.
मलयालम सिनेमा की कायल हुईं माहिरा खान
लंदन में आयोजित इस शानदार रिसेप्शन के दौरान जब माहिरा खान मीडिया से मिलीं, तो भारतीय फिल्मों का जिक्र आते ही उनके चेहरे पर एक अलग ही चमक देखने को मिली. माहिरा ने बिना किसी हिचकिचाहट के मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के लिए अपना गहरा प्यार और सम्मान जाहिर किया. उन्होंने कहा कि वह मलयालम सिनेमा की बहुत बड़ी फैन हैं और वहां जिस तरह की फिल्में बनाई जा रही हैं, वह वाकई काबिलेतारीफ है.
दक्षिण एशिया का सबसे बेहतरीन सिनेमा
माहिरा खान ने बातचीत को आगे बढ़ाते हुए मलयालम सिनेमा की तुलना बाकी फिल्म इंडस्ट्रीज से भी की. उनका मानना है कि कहानियों के मामले में, स्क्रीनप्ले के स्तर पर और ओवरऑल फिल्म मेकिंग की क्वालिटी को देखा जाए, तो इस वक्त मलयालम सिनेमा पूरे साउथ एशिया में सबसे बेहतरीन काम कर रहा है. उन्होंने साफ कहा कि वहां का कंटेंट बेहद मजबूत और रियलिस्टिक होता है.
इंटरव्यू के दौरान माहिरा खान ने अपनी एक पुरानी हसरत को दोबारा दोहराया. उन्होंने कहा कि वह सिर्फ मलयालम फिल्में देखना ही पसंद नहीं करतीं, बल्कि उनकी दिली ख्वाहिश है कि उन्हें कभी किसी मलयालम फिल्म में काम करने का मौका मिले.
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
ब्रिटिश एशियन ट्रस्ट के इस सालाना डिनर से माहिरा खान का यह वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर सामने आया, यह देखते ही देखते वायरल हो गया. भारत और पाकिस्तान दोनों ही देशों के सिनेमा प्रेमी इस वीडियो को जमकर शेयर कर रहे हैं. हालांकि आपको बता दें कि 2025 के पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी एक्टर्स के न सिर्फ इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में बैन हुए बल्कि इंडिया में सभी पाकिस्तानी कलाकारों को बैन कर दिया गया है. ऐसे में माहिरा को मलयालयम फिल्म में काम करने के लिए इंतजार ही करना पड़ेगा. अब कब तक ये कोई नहीं जानता.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क