'सिटिज़न विजिलांटे: वो फ‍िल्म, ज‍िसे एलॉन मस्क ने X पर रिलीज किया, क्यों छिड़ा विवाद?

जर्मनी में पूरी तरह बैन और अमेरिका में लिमिटेड स्क्रीन्स पर रिलीज हुई फिल्म 'सिटिज़न विजिलांटे' को एलॉन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 48 घंटे के लिए फ्री में स्ट्रीम कर दिया. एंटी-इमिग्रेंट (प्रवासी विरोधी) कही जा रही फिल्म पर विवाद पहले से था. लेकिन अब ये क्यों और बड़ा हो गया है, बताते हैं.

Advertisement
क्यों विवादों में है 'प्रवासी-विरोधी' फिल्म 'सिटिज़न विजिलांटे'? (Photo: IMDB) क्यों विवादों में है 'प्रवासी-विरोधी' फिल्म 'सिटिज़न विजिलांटे'? (Photo: IMDB)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:50 PM IST

जर्मन फिल्ममेकर उवे बोल की फिल्म सिटिज़न विजिलांटे (Citizen Vigilante) ने दुनिया भर में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. एंटी-इमिग्रेंट यानी प्रवासियों का विरोध करने वाली इस कहानी को जर्मनी ने बैन कर दिया था. अमेरिका में सिटिज़न विजिलांटे को लिमिटेड स्क्रीन्स पर रिलीज मिली, लेकिन दुनिया के सबसे बड़े उद्योगपतियों में से एक, एलॉन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 48 घंटे के लिए फ्री में रिलीज कर दी, जिसके बाद इस फिल्म को लेकर बड़ा विवाद छिड़ गया है.

Advertisement

एक तरफ सिटिज़न विजिलांटे के पक्ष में खड़े लोग, फिल्म न रिलीज किए जाने को 'अभिव्यक्ति की आजादी' पर लगाम लगाने की तरह देख रहे हैं. दूसरी तरफ, विरोध में खड़े लोगों को डर है कि सिटिज़न विजिलांटे दुनिया भर में, खासकर यूरोप और अमेरिका में प्रवासी-विरोधी हिंसा को बढ़ावा दे सकती है. आखिर इस फिल्म में ऐसा क्या है और इसे लेकर विवाद क्यों छिड़ा है? चलिए बताते हैं.

क्या है सिटिज़न विजिलांटे की कहानी, जर्मनी ने क्यों किया बैन?

यूएस आर्मी के एक रिटायर्ड फौजी, माइकल सांडर्स (एक्टर आर्मी हैमर) को उसकी मौत के बाद, पिता का रियल एस्टेट बिजनेस विरासत में मिला है. नई दौलत के साथ सांडर्स यूरोप शिफ्ट हो चुका है. कहानी में कई ऐसे सीक्वेंस हैं जब सांडर्स, यूरोप के लोगों को प्रवासी लोगों के अपराध का शिकार बनते देखता है. यहां वह कानून हाथ में लेना शुरू कर देता है. सांडर्स रात के अंधेरे में अपराधी प्रवासियों और ऐसे भ्रष्ट सरकारी अधिकारियों को 'सबक सिखाना' शुरू कर देता है जो प्रवासियों के समर्थन में हैं.

Advertisement

जर्मनी में फिल्मों को उम्र के हिसाब से रेटिंग देने वाले बोर्ड ने सिटिज़न विजिलांटे को रेटिंग देने से इनकार कर दिया. बोर्ड का मानना था कि यह फिल्म 'प्रवासी विरोधी' हिंसा को बढ़ावा दे सकती है, जो पहले ही यूरोप में एक बड़ा मुद्दा है.

एलॉन मस्क का सपोर्ट और यूरोप का विरोध

जहां जर्मन फिल्ममेकर उवे बोल की इस फिल्म को उनके अपने देश ने बैन कर दिया, वहीं यूएस के थिएटर्स में सिटिज़न विजिलांटे को किसी भी इंडी (इंडिपेंडेंट) फिल्म की तरह डिस्ट्रिब्यूशन मिल गया. लिमिटेड स्क्रीन्स के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी इसे यूएस में रिलीज मिल गई. मगर सिटिज़न विजिलांटे पर बवाल तब बढ़ गया जब गुरुवार को एलॉन मस्क ने यह फिल्म एक्स पर रिलीज कर दी.

48 घंटे के लिए उनके ऑफिशियल एक्स हैंडल पर यह फिल्म फ्री में उपलब्ध थी. दुनिया भर के यूजर्स ने सिटिज़न विजिलांटे देखी और इसके बारे में बात की, तो वर्ड-ऑफ-माउथ भी मजबूत हो गया. रिपोर्ट्स बताती हैं कि मस्क के रिलीज करने के बाद एप्पल टीवी पर सिटिज़न विजिलांटे चार्ट्स में दूसरे नंबर पर पहुंच गई थी. मगर यूरोप में कई नेताओं और प्रभावशाली लोगों ने मस्क की इस 'हरकत' का विरोध किया.

दरअसल, इसी महीने की शुरुआत में मस्क पर कई यूरोपियन नेताओं ने निशाना साधा था. उनका कहना था कि मस्क के तीन एक्स-पोस्ट ने बेलफास्ट, नॉर्थ आयरलैंड में हुई प्रवासी-विरोधी हिंसा को उकसाने का काम किया था. मस्क पर आरोप लगे थे कि उन्होंने आयरलैंड में हुई इस हिंसा को अपना प्रवासी-विरोधी एजेंडा फैलाने के लिए इस्तेमाल किया था.

Advertisement

उवे बोल ने जब एक्स पर अपनी फिल्म रिलीज को लेकर पोस्ट किया, तो उन्होंने यूएस के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से भी सिटिज़न विजिलांटे देखने की अपील की. ट्रम्प पर पहले ही प्रवासी-विरोधी होने के गंभीर आरोप लगते रहे हैं और प्रवासियों के अधिकारों का हनन करने के लिए उनके डिपार्टमेंट ICE (Immigration and Customs Enforcement) का दुनिया भर में विरोध जारी है. ऐसे में एलॉन मस्क का सिटिज़न विजिलांटे को अपने प्लेटफॉर्म पर रिलीज करना बड़े विवाद की जड़ बनने लगा है.

सिटिज़न विजिलांटे के हीरो पर लगे थे यौन शोषण के आरोप

प्रवासी-विरोधी नैरेटिव तो सिटिज़न विजिलांटे के विरोध की वजह है ही, मगर विरोध का एक और कारण भी है— फिल्म के लीड हीरो, अमेरिकी एक्टर आर्मी हैमर पर 2021 में यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे थे. उनकी एक्स-गर्लफ्रेंड ने उन पर रेप करने का आरोप भी लगाया था. लीक हुए मैसेजेस में हैमर, 'कैनिबलिज्म' यानी इंसान का मांस खाने की फैंटेसी पर बात करते नजर आ रहे थे.

इन आरोपों के बाद तमाम एजेंसीज, प्रोडक्शन हाउस और स्टूडियोज ने आर्मी हैमर के साथ काम करने से इनकार कर दिया था. हालांकि, इन आरोपों के बाद लॉस एंजेलिस पुलिस की जांच में कुछ सामने नहीं आया था, मगर आर्मी हैमर लंबे समय से हॉलीवुड की ब्लैकलिस्ट में हैं. सिटिज़न विजिलांटे के विरोध का एक कारण हैमर की कास्टिंग भी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »