इंडियन हिप-हॉप इंडस्ट्री में यो यो हनी सिंह और बादशाह का विवाद हमेशा से ही सुर्खियां बटोरता रहा है. खासकर 'ब्राउन रंग' गाने को लेकर दोनों ही दिग्गज कलाकार यह दावा करते आए हैं कि इसके बोल उन्होंने लिखे हैं. म्यूजिक लवर्स के बीच इस आइकॉनिक ट्रैक के असली राइटर को लेकर बहस अक्सर छिड़ जाती है. हाल ही में मशहूर रैपर एमसी स्क्वायर ने इस पर रिएक्शन दिया है.
लल्लनटॉप के 'गेस्ट इन द न्यूज़रूम' शो में पहुंचे एमसी स्क्वायर ने इस पुरानी कंट्रोवर्सी, हनी सिंह और बादशाह के बीच की अनबन और दोनों की राइटिंग स्किल्स पर खुलकर अपनी राय रखी.
'ब्राउन रंग' पर बोले एमसी स्क्वायर
जब इंटरव्यू के दौरान एमसी स्क्वायर से यह पूछा गया कि आखिर 'ब्राउन रंग' गाना किसने लिखा है? तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जिसने भी यह गाना लिखा है, बहुत बेहतरीन लिखा है और इसकी कंपोजिशन भी शानदार बनाई है. उनका कहना था कि राइटर शायद इस बात को सुन रहे होंगे, लेकिन उन्हें सही मायने में नहीं पता कि इसे किसने लिखा है. उन्होंने बस इतना ही दोहराया कि जिसने भी यह काम किया है, उसने बेहद खूबसूरत गाना और म्यूजिक तैयार किया है.
बादशाह और हनी सिंह में कौन बेहतर?
बादशाह और हनी सिंह की तुलना करते हुए जब उनसे पूछा गया कि दोनों में से बेहतर कौन लिखता है, तो उन्होंने बिना झिझक बादशाह का नाम लिया. इसकी वजह बताते हुए एमसी स्क्वायर ने कहा कि हनी सिंह खुद अपने गाने बहुत कम लिखते हैं. उनके लिए अलग से सॉन्ग राइटर्स होते हैं जो लिरिक्स तैयार करते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि शायद आम जनता को यह बात नहीं पता होगी, लेकिन यूट्यूब या गानों के डिस्क्रिप्शन में क्रेडिट्स देखकर इसे आसानी से समझा जा सकता है. उन्होंने माना कि हनी पाजी पहले शायद खुद लिखते होंगे, लेकिन अब उनके पास राइटर्स की पूरी टीम है. वहीं दूसरी तरफ, बादशाह भाई आज भी अपने ज्यादातर गाने खुद ही लिखते हैं. इसलिए राइटिंग के मामले में बादशाह बेहतर हैं, जबकि म्यूजिक प्रोडक्शन में हनी सिंह का कोई जवाब नहीं है.
दोनों दिग्गजों के साथ अपने रिश्तों पर बात करते हुए एमसी स्क्वायर ने साफ किया कि उनके दिल में दोनों के लिए सम्मान है. उन्होंने कहा कि जब वे बादशाह के साथ बैठते हैं तो उनसे बात करते हैं और जब हनी पाजी के साथ होते हैं तो उनके साथ वक्त बिताते हैं. लोगों को लगता है कि बीच में कोई तनाव है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं है. उनके मुताबिक सब कुछ एकदम नॉर्मल और सॉर्टेड है.
ऑफ-स्क्रीन बातचीत में अनबन पर चर्चा
बादशाह और हनी सिंह के बीच सालों से चली आ रही अनबन पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि जब भी कभी ऑफ-कैमरा या अकेले में इस पुरानी कंट्रोवर्सी का जिक्र आता है, तो बातें बहुत गंभीर नहीं होतीं. उन्होंने कहा कि जब भी कोई पुरानी बात छिड़ती है, तो बस यही निकलकर आता है कि 'क्या दौर था वो भी एक वक्त था.' बातें बस वहीं तक खत्म हो जाती हैं और दोनों ही कलाकार उस पुराने दौर को याद करके आगे बढ़ जाते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क