नितेश तिवारी की 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी हर छोटी-बड़ी डिटेल की चर्चा शुरू हो गई है. कोई रणबीर कपूर के भगवान राम वाले लुक की बात कर रहा है, तो कोई यश के रावण अवतार की तारीफ कर रहा है. लेकिन इसी बीच ट्रेलर में एक ऐसा चेहरा भी नजर आया, जिसे देखकर 'एनिमल' के फैंस की यादें ताजा हो गईं.
ये चेहरा है सौरभ सचदेवा का, जिन्होंने रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' में खतरनाक विलेन आबिद हक बनकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं. अब वही एक्टर 'रामायण' में बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं.
'रामायण' में निभा रहे हैं मारीच का अहम किरदार
'रामायण' में सौरभ सचदेवा मारीच बने हैं. ट्रेलर में उनकी झलक भले ही कुछ सेकेंड की हो, लेकिन पूरी कहानी में उनका किरदार सबसे अहम मोड़ों में से एक माना जाता है.
रावण के कहने पर मारीच सोने के हिरण का रूप धारण करता है. सीता उस हिरण को देखकर उसे लाने की जिद करती हैं और भगवान राम उसके पीछे निकल जाते हैं. इसके बाद मारीच, राम की आवाज निकालकर लक्ष्मण को भी कुटिया से दूर भेज देता है. यही वह पल होता है, जिसके बाद रावण सीता का हरण करता है और यहीं से राम-रावण युद्ध की नींव पड़ती है.
यानी स्क्रीन पर भले ही मारीच ज्यादा देर नजर न आए, लेकिन पूरी 'रामायण' की कहानी को आगे बढ़ाने में सबसे बड़ी भूमिका उसी की होती है.
'एनिमल' में रणबीर से ली थी टक्कर
सौरभ सचदेवा ने साल 2023 में रिलीज हुई 'एनिमल' में आबिद हक का किरदार निभाया था. कम स्क्रीन टाइम के बावजूद उनकी दमदार एक्टिंग और खतरनाक अंदाज ने दर्शकों का ध्यान खींच लिया था. सोशल मीडिया पर भी उनके काम की जमकर तारीफ हुई थी.
दिलचस्प बात यह है कि अब एक बार फिर वह रणबीर कपूर के साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं, लेकिन इस बार कहानी और किरदार दोनों पूरी तरह अलग हैं.
सिर्फ एक्टर नहीं, बड़े एक्टिंग कोच भी हैं सौरभ
बहुत कम लोग जानते हैं कि सौरभ सचदेवा सिर्फ शानदार एक्टर ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टिंग कोच भी हैं. वह 'द एक्टर्स ट्रुथ' नाम से अपना एक्टिंग स्कूल चलाते हैं और वरुण धवन, अर्जुन कपूर, दुलकर सलमान और ऋचा चड्ढा जैसे कई सितारों को ट्रेनिंग दे चुके हैं.
कौन था मारीच?
मारीच रामायण का एक मायावी राक्षस, ताड़का का पुत्र और लंकापति रावण का मामा था. मारीच की मदद से ही रावण ने सीता हरण किया था. वह अपनी मायावी शक्तियों और रूप बदलने की कला के लिए जाना जाता था. मारीच ने सुंदर स्वर्ण मृग का रूप लिया, जिसे देखकर माता सीता मोहित हो गईं. श्रीराम उस हिरण को पकड़ने गए और आखिर में श्रीराम के बाण से मारीच का अंत हो गया. मरते समय उसने श्रीराम जैसी आवाज में लक्ष्मण को पुकारा, जिससे भ्रमित होकर लक्ष्मण सीताजी को कुटी में अकेला छोड़ कर चले गए और रावण ने छलपूर्वक सीता का हरण कर लिया.
कब रिलीज होगी 'रामायण'?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस मेगा बजट फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
ट्रेलर के बाद से फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है, लेकिन अब फैंस की नजर उस किरदार पर भी टिक गई है जिसने पूरी रामायण की कहानी को आगे बढ़ाने में सबसे अहम भूमिका निभाई है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क