प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही क्राइम थ्रिलर सीरीज 'राख' इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है. सीरीज की कहानी जितनी दिल दहला देने वाली है, उससे कहीं ज्यादा चर्चा इसके दो खौफनाक किरदारों 'बाबू' और 'रज्जो' की हो रही है. इन दोनों किरदारों ने अपनी डरावनी मौजूदगी और दमदार एक्टिंग से दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं.
रंगा-बिल्ला बने ये एक्टर्स
दरअसल, 'राख' देश के चर्चित रंगा-बिल्ला केस से प्रेरित है. हालांकि सीरीज में किरदारों के नाम बदलकर रज्जो और बाबू रखे गए हैं. इन भूमिकाओं को एक्टर रमनदीप यादव (रज्जो) और आकाश मखीजा (बाबू) ने निभाया है. जिनकी एक्टिंग को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं. दोनों जिस तरह से उन साइको किलर की कहानी को दिखाया है, वो दिल-दिमाग पर सीधा असर करती है. सोचने पर मजबूर करती है कि किसी पर भरोसा करना कितना खतरनाक है. वहीं किसी क्रिमिनल की भी हिस्ट्री हो सकती है.
रज्जो बनकर डराने लगे रमनदीप यादव
सीरीज में 'रज्जो' का किरदार निभाने वाले रमनदीप यादव चंडीगढ़ के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने करियर में कई अलग-अलग तरह के रोल किए हैं, लेकिन 'राख' में उनका अंदाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आता है.
रमनदीप इससे पहले अनुराग कश्यप की फिल्म 'मनमरजियां' में दिखाई दे चुके हैं. इसके अलावा वो 'कैंपस डायरीज', नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज 'कैट' और सनी देओल की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'गदर 2' का भी हिस्सा रह चुके हैं.
दिलचस्प बात ये है कि एक्टिंग के साथ-साथ रमनदीप क्रिकेट के भी जबरदस्त शौकीन हैं. उन्होंने हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के तहत कई टूर्नामेंट्स में चंडीगढ़ स्टेट टीम को रिप्रेजेंट किया है. लेकिन 'राख' में उनका खतरनाक अवतार देखकर शायद ही कोई यकीन कर पाए कि ये वही कलाकार है जिसे दर्शक पहले अलग-अलग किरदारों में देख चुके हैं.
कौन हैं 'बाबू' बने आकाश मखीजा?
सीरीज में 'बाबू' का रोल निभाने वाले आकाश मखीजा भी टीवी और ओटीटी की दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा हैं. आकाश 'सरगम की साढ़े साती' और 'हर मर्द का दर्द' जैसे टीवी शोज के लिए जाने जाते हैं. हाल ही में वो प्राइम वीडियो की फेमस सीरीज 'ग्राम चिकित्सालय' में गोबिंद के किरदार में नजर आए थे, जहां उनकी परफॉर्मेंस को खूब सराहा गया.
इतना ही नहीं, आकाश बॉलीवुड फिल्मों 'हाफ गर्लफ्रेंड' और 'भूल चूक माफ' में भी नजर आ चुके हैं. इस साल अप्रैल में उन्होंने अपनी बचपन की दोस्त रोशनी बुधिराजा से शादी की थी. लेकिन स्क्रीन पर उनका नया अवतार किसी भी रोमांटिक या साधारण किरदार से बिल्कुल अलग है.
आकाश की शुरुआत क्राइम पेट्रोल के एपिसोड्स करने से हुई थी. वो 12 साल से इंडस्ट्री में एक्टिव हैं. 'राख' में उन्होंने ऐसा खौफनाक साइको किलर का किरदार प्ले किया है कि दर्शक उन्हें देखकर सिहर उठ रहे हैं.
क्या है 'राख' की कहानी?
अली फजल स्टारर 'राख' उस दिल दहला देने वाले अपराध पर आधारित है जिसने 70 के दशक में पूरे देश को झकझोर दिया था. सीरीज में दिखाया गया है कि कैसे दो कुख्यात अपराधी दो मासूम बच्चों का अपहरण करते हैं और फिर उनकी बेरहमी से हत्या कर देते हैं. ये कहानी भारत के चर्चित रंगा-बिल्ला केस पर आधारित है, जिसने उस समय पूरे देश को सदमे में डाल दिया था.
इस अपराध के बाद लंबी कानूनी लड़ाई चली और आखिरकार 1982 में दोनों अपराधियों को तिहाड़ जेल में फांसी दे दी गई.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क