'वेलकम टू द जंगल' की कमाई से शहीदों की विधवाओं को जाएगा एक हिस्सा, प्रोड्यूसर बोले 'ये हर नागरिक की जिम्मेदारी'

अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' थिएटर्स में रिलीज हो चुकी है. इसे दर्शकों का पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है. इस बीच फिल्म के प्रोड्यूसर फिरोज ए. नाडियाडवाला ने कहा है कि वे फिल्म की कमाई का एक तय हिस्सा भारतीय सेना के शहीद जवानों की विधवाओं की मदद के लिए दान करेंगे

Advertisement
'वेलकम टू द जंगल' की कमाई से सेना के शहीदों की विधवाओं का होगा भला (Photo: IMDB) 'वेलकम टू द जंगल' की कमाई से सेना के शहीदों की विधवाओं का होगा भला (Photo: IMDB)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 26 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:10 PM IST

अक्षय कुमार की फिल्म वेलकम टू द जंगल थिएटर्स में रिलीज हो चुकी है. गुरुवार को पेड प्रीव्यू शोज के साथ, शुक्रवार को थिएटर्स में पहुंची इस कॉमेडी फिल्म को दर्शक मिलने शुरू हो गए हैं और इसकी कमाई का खाता बॉक्स ऑफिस पर अपडेट होने लगा है.

फिल्म में अक्षय की कॉमेडी और मजेदार सीन्स की काफी चर्चा हो रही है, इसलिए पहले ही दिन से फिल्म को बढ़िया कमाई मिलने की भी उम्मीद है. इस बीच वेलकम टू द जंगल के प्रोड्यूसर ने एक ऐसा फैसला लिया है जो दर्शकों का दिल जीत लेगा. फिल्म के प्रोड्यूसर फिरोज ए. नाडियाडवाला ने कहा है कि वह अपनी फिल्म की कमाई का एक हिस्सा भारतीय सेना के शहीद जवानों की विधवाओं की मदद के लिए देंगे.

Advertisement

वेलकम टू द जंगल के प्रोड्यूसर का बड़ा फैसला

अक्षय की कॉमेडी फिल्म के प्रोड्यूसर फिरोज ए. नाडियाडवाला ने 'बॉलीवुड हंगामा' से बातचीत में बताया कि वह फिल्म की कमाई का एक हिस्सा देश के शहीद सैनिकों की विधवाओं के कल्याण के लिए दान करेंगे.

उन्होंने कहा, 'मैंने फैसला किया है कि वेलकम टू द जंगल की कमाई का एक तयशुदा हिस्सा हमारे बहादुर सशस्त्र बलों के शहीद जवानों की विधवाओं के कल्याण के लिए दान करूंगा. यह राशि उन संस्थाओं को दी जाएगी, जो इस नेक काम में जुटी हुई हैं.'

दिलचस्प बात यह है कि वेलकम टू द जंगल की कहानी में भी आर्मी का बैकग्राउंड है. फिल्म की शुरुआत में किरदार एक फिल्म की शूटिंग के लिए आर्मी ऑफिसर्स के गेटअप में नजर आते हैं. यह फिल्म शूट एक ऐसे कन्फ्यूजन की जड़ बन जाता है कि अंत में पूरी टीम को बचाने के लिए असली आर्मी को आना पड़ता है.

Advertisement

फिरोज ए. नाडियाडवाला ने अपने फैसले के बारे में बात करते हुए आगे कहा, 'मेरा मानना है कि CSR का मतलब सिर्फ कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी नहीं, बल्कि सिटिजन सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी भी है. इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह एक-दूसरे की मदद करे और इस दुनिया को बेहतर बनाने में अपना योगदान दे.'

दूसरे फिल्ममेकर्स से भी की अपील

फिरोज ने उम्मीद जताई कि उनका यह कदम दूसरे फिल्ममेकर्स को भी प्रेरित करेगा. उन्होंने कहा, 'मैं चाहता हूं कि दूसरे फिल्ममेकर्स भी इससे प्रेरणा लें. मैं सभी प्रोड्यूसर्स से ईमानदारी से अपील करता हूं कि वे भी अपने मुनाफे का कुछ हिस्सा गैर-सरकारी संस्थाओं को दान करें, खासकर उन संस्थाओं को जो अनाथ लड़कियों के लिए काम कर रही हैं.'

वेलकम टू द जंगल अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, जॉनी लीवर और राजपाल यादव जैसे 30 से ज्यादा कलाकारों को साथ लेकर आई है. कन्फ्यूजन से निकली कॉमेडी वाली स्टाइल की यह कहानी थिएटर्स में पॉजिटिव रिस्पॉन्स के साथ उतरी है. अब देखना है कि यह बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल करती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »